बुधवार, 25 मार्च 2015

मैं कहाँ हूँ

- गणेश पाण्डेय

(मेरी यह नयी कविता ‘‘ मैं कहाँ हूँ ’’ मेरे किसी संग्रह में अब तक नहीं शामिल है, बल्कि साक्ष्य के तौर पर मेरी आलोचना की नयी किताब ‘‘ आलोचना का सच ’’ में है। श्री जयप्रकाश मानस जी मेरी इस किताब के बड़े प्रशंसक हैं, उन्होंने कृपापूर्वक इस कविता को ‘‘आलोचना का सच’’ से लेकर और टाइप करके  अपनी वॉल पर दिया है। इसे वहीं से आभार सहित ले लिया है। कई और मित्र भी हैं, जिन्होंने बढ़कर ‘‘आलोचना का सच’’ का स्वागत खुलेमन से और गर्मजोशी से किया है। जाहिर है कि ये सभी मित्र मेरे शहर से बाहर के हैं। मैं इन सभी मित्रों का बहुत आभारी हूँ। इस शहर के हिन्दी के लगभग सभी दुश्मन लेखक इसे देखना पसंद करेंगे, मुझे संदेह है। बाहर भी ऐसे कम न होंगे जिनका रास्ता साहित्य में प्रभुजाति से जुड़े लेखकों की शुद्ध चापलूसी का है, शायद वे सब इस किताब के फ्लैप का यह प्रकाशकीय भी पढ़ना पसंद न करें कि-कवि गणेश पाण्डेय की आलोचना का रंग अलग है। एक खास तरह की निजता गणेश पाण्डेय की आलोचना की पहचान है। उनकी आलोचना नये प्रश्न उठाती है। उनकी आलोचना साहित्यिक मुक्ति की बात करती है। यह पहलीबार है।...गणेश पाण्डेय की आलोचना एक अर्थ में समकालीन आलोचना का प्रतिपक्ष है। मुहावरे सिर्फ कविता में ही नहीं बनते हैं, एक ईमानदार आलोचक अपनी आलोचना का मुहावरा खुद गढ़ता है। गणेश पाण्डेय अपनी आलोचना का मुहावरा खुद बनाते हैं। आलोचना की सर्जनात्मक भाषा का जो प्रीतिकर वितान खड़ा करते हैं, बिल्कुल नया है। हमारे समय की निर्जीव आलोचना को नयी चाल में ढ़ालने का काम करते हैं।...- इस अंश को अपने ब्लॉग पर देने का आशय अपने मुँह मियाँ मिट्ठू बनना नहीं है, बल्कि यह बताना है कि यदि मैं भी तमाम मित्रों की तरह साहित्य के अनगिन दरबारों में क्षण-प्रतिक्षण शीश नवाता फिरता तो मुंशीछाप आलोचना लिखता, जैसा कि मेरे कुछ झूठमूठ के मित्र लिखते हैं। यह बताना जरूरी है कि मैंने खुद को अलग बनाने के लिए यह सब कतई नहीं किया है, बल्कि एक लेखक के रूप में यह मेरी ड्यूटी थी कि साहित्य का सच फटकार कर कहूँ। यह अलग बात है कि आज के शीर्ष कवि-लेखक से लेकर छोटे से छोटे लेखक तक मानते हैं कि उनकी ड्यूटी साहित्य का सच फटकार कर कहना नहीं है, बल्कि इनाम लेना है। जाहिर है कि पहले से दो रास्ते रहे हैं साहित्य में। मैं जिस रास्ते पर हूँ, इस शहर में अकेला हूँ, लेकिन बाहर बहुत से मित्र हैं, जिनका रास्ता भी मेरे रास्ते से अलग नहीं है। उन्हीं के लिए लिखता हूँ, उन्हीं के लिए साहित्य में जीता-मरता हूँ। बहरहाल प्रसंगवश यह सब कहना जरूरी था। लीजिए कविता पढ़िए-मैं कहाँ हूँ। इस कविता का मैं जाहिर है कि हर ईमानदार कवि-लेखक है। सिर्फ कोई एक मैं नहीं।)

मैं कहाँ हूँ

मैं कहाँ हूँ, कहाँ हूँ, कहाँ हूँ
इस सूची में नहीं हूँ उस सूची में नहीं हूँ
इस पृष्ठ पर नहीं हूँ उस पृष्ठ पर नहीं हूँ
इस चर्चा में नहीं हूँ उस चर्चा में नहीं हूँ
इस अखबार में नहीं हूँ उस अखबार में नहीं हूँ
इस किताब में नहीं हूँ उस किताब में नहीं हूँ
इसकी जेब में नहीं हूँ उसकी जेब में नहीं हूँ 
इस संगठन में नहीं हूँ उस संगठन में नहीं हूँ
मैं कहाँ हूँ कहाँ हूँ ,कहाँ हूँ ,कहाँ हूँ
किसी आलोचक की आँख में नहीं हूँ
किसी संपादक की काँख में नहीं हूँ
युवा लेखकों के आगे नहीं हूँ
वरिष्ठ लेखकों के पीछे नहीं हूँ 

मैं कहाँ हूँ
यह इक्कीसवीं सदी है 
कि हिंदीसमय की वही नदी है 
जो निकलती है राजधानी से सारा कचरा लेकर 
और फैल जाता है पूरे देश में जहर
यह रचना का कैसा देश है
यह आलोचना का कैसा देश है 
जिसमें बने हुए हैं दाएँ-बाएँ 
बड़े-बड़े बाड़े और फाँसीघर
एक स्वाधीन लेखक क्या चुने जाये तो जाये किधर
किससे पूछँू कि मैं कहाँ हूँ कौन-सा देश है मैं जहाँ हूँ

मैं हूँ कि नहीं हूँ
नहीं हूँ तो फिर क्या हूँ 
हिंदी का कोई कवि हूँ कि कविता का कोई भूत हूँ 
प्रेत हूँ 
किस देवता से पूछूँ किस असुर से पूछूँ  
थक गया हूँ पूछते-पूछते
खग मृग बाघ सबसे पूछते-पूछते
मैं कहाँ हूँ, कहाँ हूँ , कहाँ हूँ , कहाँ हूँ
यह क्या है 
जो किसी झुरमुट में छिपा हुआ है
यह क्या है जो किसी मेघ की ओट में 
है कुछ है जैसा किससे कहूँ कि देखो जरा
किससे कहूँ कि मुझे बताओ जरा
कि मैं कहाँ हूँ किसके पास हूँ किसके साथ हूँ
इस बंदे से पूछूँ कि उस बंदे से पूछूँ
आखिर किससे पूछूँ

मैं कहाँ हूँ।





शनिवार, 14 फ़रवरी 2015

फुलझड़ी जैसी हँसी का एक पवित्र फूल

- गणेश पाण्डेय

साठ के पास पहुँचते-पहुँचते प्रेम की अंतःसलिला बाहर से बहुत शांत दिखने लगती है या कह सकते हैं कि जीवन के पारिवारिक दायित्व के बीच अवकाश ढ़ूँढते-ढ़ूँढते मद्धिम हो जाती है। उसका हहराता हुआ वेग थम-सा जाता है। यह अलग बात है कि आत्मा के एकांत में प्रेम का मौन माउथआर्गन जब-तब बजता रहता है। कई मौके ऐसे आते हैं, जैसे आज, हमारे भीतर के सितार के तार को छेड़ने के लिए।
‘‘मेरे लिए प्रेम 
बिल्कुल निजी घटना है 
आत्मा का एकांत आलाप
अभिव्यक्ति के सारे दरवाजे बंद हैं जहां 
बस एक अद्वितीय अनुभव है
प्रौढ़ता का एक शालीन विस्फोट
जिसने मेरे प्रेम को 
त्वचा की अभेद्य सतह को भेदकर
भीतर कहीं गहराई में पहुंचा दिया है
शायद मेरे लिए प्रेम
एकांत में किसी फूल से मिलना है।’’ (जापानी बुखार )

      दरअसल इस दिन का अर्थ बूढ़ों के लिए कितना खास हो सकता है और किस तरह, इसे इस बात से अनुभव कर सकते हैं कि एक बूढ़ा इस दिन अपनी जीवनसंगिनी से कहता है कि आज एक फूल मेरी ओर से और भद्र महिला बड़े सम्मान के साथ अपनी फुलझड़ी जैसी हँसी का एक पवित्र फूल वापस कर देती हैं। इससे अधिक अब और क्या हो सकता है। उम्र की ढ़लान पर। शायद यह छोटी-सी हँसी-खुशी  ही अब हमारी जिम्मेदारियों के बोझ से हमें कुछ देर के लिए मुक्त करती है। अच्छा है कि पर्व और इस बहाने मिलने वाले अवसर हमें क्षणभर के लिए ही सही थोड़ा अलग से जी लेने का स्पेस देते हैं।
    हम जिस उम्र और समाज में हैं, बहुत-सी सि़्त्रयाँ अपने बच्चों के लिए घर से बाहर निकलती हैं। ये खरीदना है, वो खरीदना है, इसके लिए यह करना है, उसके लिए वह करना है। बच्चों के साथ उनके जन्मदिन या अन्य अवसर जैसे दिन पर बाहर निकल पाती हैं। सच तो यह कि पुरुष पैसा कमाने की मशीन है तो सामान्य सि़्त्रयाँ घर का पहिया हैं, नींव हैं, साँस हैं, धड़कन हैं और धरती हैं। अपनी साँस को उसकी लय को घर की लय में विलीन कर देना कोई इनसे सीखे। मैं जब भी अपनी जीवनसंगिनी के बारे में सोचता हूँ तो अपने को बहुत कम पाता हूँ। पैसा तो कोई डाँड़ीमार भी कमा लेता है, पर घर को बनाने का काम स्त्री ही करती है।
‘‘एक स्त्री थी
जो दिनरात खटती थी
सूर्य देवता से पहले
चलना शुरू करती थी
पवन देवता से पहले 
दौड़ पड़ती थी हाथ में झाड़ू लेकर
बच्चों के जागने से पहले
दूध का गिलास लेकर
खड़ी हो जाती थी
मुस्तैदी से
अखबार से भी पहले
चाय की प्याली 
रख जाती थी
मेरे होठों के पास
मीठे गन्ने से भी मीठी
यह तुम थी 
मेरे घर की रसोई में 
सुबह-शाम
सूखी लकड़ी जैसी जलती
यह तुम थी!
बावर्ची
धोबी
दर्जी
पेंटर 
टीचर 
खजांची
राजगीर 
सेविका
और दाई
क्या नहीं थी तुम!
यह तुम थी! 
क्या हुआ
जो इस जन्म में
मेरी प्रेमिका नहीं थी
क्या पता
मेरे हजार जन्मों की
प्रेयसी
तुम्हारे अंतस्तल में
छुपी बैठी हो
और तुम्हें खबर न हो
यह कैसी उलझन थी
मेरे भीतर कई युगों से
यह तुम थी
अपने को 
मेरे और पास लाती थी 
करती थी
मेरे गुनाहों की अनदेखी
मेरे खेतों में अपने गीतों के संग
पोछीटा मार कर रोपाई करती हुई 
मजदूरनी कौन थी! 
अपनी हमजोलियों के साथ
हंसी-ठिठोली के बीच 
बड़े मन से मेरे खेतों में
एक-एक खर-पतवार 
ढूंढ-ढूंढ कर निराई करती हुई
यह तन्वंगी कौन थी!
मेरे जीवन के भट्ठे पर
पिछले तीस साल से
ईंट पकाती हुई
झाँवाँ जैसी
यह स्त्री कौन थी
यह तुम थी! 
जिससे 
मेरी छोटी-सी दुनिया में
गौरैया की चोंच में
अंटने भर का 
उसके पंख पर फैलने भर का
एक छोटा-सा जीवन था
एक छोटी-सी खिड़की थी जहां मैं खड़ा था
सुप्रभात का एक छोटा-सा
दृश्यखंड था
यह तुम थी!
मेरे गुनाहों की देवी! 
मुझे मेरे गुनाहों की सजा दो
चाहे अपनी करुणा में
सजा लो मुझे
अपनी लाल बिन्दी की तरह 
अपने अंधेरे में भासमान
इस उजास का क्या करूं 
जो तुमसे है
इस उम्मीद का क्या करूं
आत्मा की आवाज का क्या करूं
अतीत का क्या करूं
अपने आज का क्या करूं
जिसके संग लिए सात फेरे
मेरे सात जन्म के फेरे हैं
जो मेरी आत्मा की चिरसंगिनी थी
मेरा अंतिम ठौर है
यह तुम थी! 
यह तुम हो!! 
मेरी मीता
मेरी परिणीता।’’ (परिणीता)

       मैं बूढ़ों की बात कर रहा हूँ। कह रहा हूँ कि यह दिन अपने जीवन साथी से सिर्फ ‘‘ प्रेम है’’ कहने का नहीं है। अपनी चूकों और गलतियों के लिए माफी माँगने का भी है। यह सिर्फ बूढ़ो ंही नहीं युवाओं के लिए भी अपनी कमियों के सुधार और परिष्कार का दिन भी है।
        आमतौर पर साधारण भारतीय परिवार के वरिष्ठ जनों के लिए इस दिन का वह अर्थ उस रूप में नहीं है, युवा इसे जिस रूप में लेते हैं। सिर्फ मिलकर निकटता का अनुभव करना ही इसका उद्देश्य नहीं होना चाहिए, इसे उच्चतर भावभूमि पर आत्माओं की मैत्री का रंग भी देना चाहिए। अच्छा हो कि हम आज के दिन अपनी एक-एक बुराइयों को तजने का व्रत लें। अपने मित्रों से झूठ न बोलने और उनके विश्वास
को ठेस न पहुँचाने का व्रत लें। मुझे यह कहने में संकोच नहीं कि पान-तम्बाकू जैसे किसी भी नशे से दूर करने में मेरी श्रीमती जी की बहुत रचनात्मक भूमिका है। मुझे याद है जब मैंने शुरू में पान-तम्बाकू छोड़ा था तो लिखने-पड़ने का काम करने में काफी दिक्कत होती थी। कविता सूझती ही नहीं थी। तब मेरी पत्नी ने सम्बल का काम किया। अनगिनत चाय की कप में अपना न जाने कितना प्रेम मिलाया है कि मुझे फिर कभी पान’तम्बाकू की जरूरत ही नहीं पड़ी। कविताएँ, कहानियाँ, उपन्यास , आलोचना, किस क्षेत्र में यहाँ पान-तम्बाकू खाने वाले लेखकों से कम काम किया है ? आज सिर्फ फूल देने और लेने का दिन नहीं है, अपने साथियों से सीख लेने और देने का दिन भी है। उनके महत्व को स्वीकार करने का भी दिन है। आभार व्यक्त करने का दिन है।
    सच्चा प्रेम मनुष्य को बड़ा बनाता है। उसके भीतर शक्ति का संचार करता है। उसे कमजोर होने से बचाता है। उसे माँजता है। उसे चमकाता हैं। बड़े से बड़े संघर्ष में उसका साथ देता हैं। जब जमाना खिलाफ होता है तो उसका प्रेम ही उसका साथ देता है। आज कहने का मन है कि यहाँ  मैंने जो लंबी लड़ाइयाँ की हैं, घर के किसी अँधेरे कोने में बहुत चुप रहा हूँ, उस भयानक एकांत में मेरी श्रीमती का बल मेरे साथ नहीं रहा होता तो मैं आज इस रूप में आपके सामने नहीं होता। जल्द ही आलोचना पर केंद्रित मेरी आने वाली किताब की पाण्डुलिपि को तैयार करने के लिए बराबर टोकती रहीं कि कब बना रहे हैं। घर और बच्चों को संभालने में बड़ी भूमिका उनकी ही रही है। शायद तभी मैं कुछ समाज के लिए रच पाया, कुछ कर पाया। कहना जरूरी है कि उन्होंने मुझ अकिंचन से जीवन में लिया बहुत कम और दिया बहुत। यह उदाहरण भी मुझे उन्होंने ही दिया कि प्रेम में सिर्फ पाना ही नहीं होता है, देना भी होता है।
       आज बच्चों के पास अपने बुजुर्गों को देने के लिए वक्त बहुत कम होता हैं, उन्हें अपनी दुनिया से अवकाश मिले तब तो। सबसे सुंदर स्वप्न के अद्वितीय रथ पर सवार होकर मेरे अंचल, मेरे समाज और देशभर के बच्चो तुम प्रेम के जिस महाकाश में विचरण कर रहे हो जरा नीचे देखो, किस तरह माँ तुम्हारे लिए आँचल फैलाये खड़ी है-
‘‘मेरे जैसे किसी गुमनाम 
कवि के जीवन की कविता से
इस बूढ़ी स्त्री का
चित्र निकाल कर
ले जाओ
और
मिलाओ इसे
उस बूढ़ी स्त्री से
जिसे तुम जानते तो हो
पर तुम्हारे पास जिसके लिए 
वक्त सबसे कम है
जाओ 
उस मां के पास जाओ 
जिसने दी है तुम्हें 
अपनी लोहे जैसी जवानी
गला कर 
कुंदन जैसी यह तरुणाई...’’(परिणीता) 
      प्रेम  के सातवें आसमान पर भी पहुँचकर अपनी उस माँ की अनदेखी मत करना, जिसे तुम्हारा बूढ़ा पिता बहुत-बहुत प्रेम करता है।                                                                                                                                                                                                                           

मंगलवार, 20 जनवरी 2015

बच्चों पर कुछ कविताएँ

-गणेश पाण्डेय

कबाड़
====
वे दो थे 
भाई जैसे थे छोटे-बड़े
लड़के थे जाने किस धातु के
लोहा थे पीतल थे कि सोना थे चाँदी थे
जो थे जैसे थे खुश थे उस कबाड़ में
जिधर देखते थे कबाड़ ही कबाड़ देखते थे
कबाड़ दुनिया देखते थे।
कंधे से उतारते थे अपना थैला मैला
खोलते थे मुँह और उठाते थे टिफिन बॉक्स
डिब्बी-डिब्बे, टुकड़े प्लास्टिक के
सब थैले में गड़प।
देखते थे छागल का कोई लंबा टुकड़ा
हँसते थे उस बाई की भूल पर
जिसने फेंका होगा।
उठाते थे किसी का लाल रिबन
और चल देते थे गले में बाँधकर
एक कबाड़ से दूसरे कबाड़ में।
 (‘जल में’ से)


तुम्हें कैसा लगता है प्रधानमंत्री
=====================
देखो तो कितना सलोना है दस बरस का लड़का
अखबार लहराते हुए हवा से बात करता है किस तरह
हर सुबह करतब दिखाता है लड़का
अपने से अधिक उम्र की साइकिल पर।

देखो तो छूकर कितनी नन्ही-नन्ही हैं उँगलियाँ
हाथ की रेखाएँ पढ़ो, क्या लिखा है
जिनसे बाँटता है संसद में प्रधानमंत्री की घोषणाएँ
और दुनियाभर की खबरें।

देखो तो पुतलियाँ नचाते हुए लड़का
किस तरह देखता देखता है घरों को
सुनो तो कितना सुरीला है लड़के का कंठ
मुर्गे की तरह बाँग देता हुआ-‘पेपर’।

तुम्हें कैसा लगता है प्रधानमंत्री,
अखबार बाँटता हुआ दस बरस का लड़का
बहुत अच्छा, बहुत प्यारा
अभी-अभी इधर से निकला है हवा में लहराते हुए
राष्ट्रपति का अभिभाषण।
(‘अटा पड़ा था दुख का हाट’ से)


बाबू क्लीनर 
=========
बाबू क्लीनर 
इतने गंदे क्यों रहते हो
क्यों खाते हो हरदम पान
बात-बात पर हँसते क्यों हो
हो-हो।
हर गाने पर 
मूड़ी खूब हिलाते क्यों हो
लगता है तुम सचमुच 
इस गाड़ी के मालिक हो।
कुछ तो बोलो
बाबू क्लीनर 
खुश दिखने का भेद तो खोलो
हँसकर दर्द छुपाते क्यों हो।
(‘जल में’ से)


किसका है यह पेंसिलबॉक्स 
==================
जिस किसी का हो
आये और ले जाये
अपना यह पेंसिलबॉक्स
जो मुझे अभी-अभी मिला है
पागल पहिये और पैरों केबीच।
जिस पर कुछ फूल बने हैं
कुछ तितलियाँ हैं उड़ती-सी
और कम उम्र उँगलियों की ताजा छाप है
जिसका भी हो आये और ले जाये
अपना यह पेंसिलबॉक्स।
जिसके भीतर साबुत है आधी पेंसिल
और व्यग्र है उसकी नोंक
किसी मानचित्र के लिए
एक दूसरी पेंसिल है जो उससे छोटी है
बची हुई है उसमें अभी थोड़ी-सी जान
और किसी का नाम लिखने की इच्छा
मिटने से बचा हुआ है एक चौथाई रबर
काफी कुछ मिटा देने की उम्मीद में
किसी तानाशाह का चेहरा
किसी पैसे वाले की तोंद।
किसका है यह
किस दुलारे का किस अभागे का
किस रानी का किस कानी का
जिसका भी हो आये और ले जाये
अपना यह पेंसिलबॉक्स।
(‘जल में’ से)

बोर्ड परीक्षा का पहला दिन
 ================
मेरी सीट
ओ मेरी सीट
कहां है मेरी सीट
उचक-उचक कर ढ़ूढते हैं
इतने सारे बच्चे एक साथ
हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के पहले दिन
नोटिस बोर्ड पर अपनी सीट का पता

मिलते हैं अन्दर घुसते ही कमरे में
एक तुनकमिजाज और कड़कआवाज
अजीब तरह के मास्टर जी
उसपर एक ढ़िलपुक मेज
और आगे-पीछे होती कुर्सी

और
उसके बाद मिलते हैं
परचे के जंगल में कुछ खरहे जैसे प्रश्न
कुछ होते हैं चीते की तरह आक्रामक
और कुछ हाथी जैसे भारी-भरकम

जिसके उत्तर में
निकालकर रख देना पड़ता है
एक पिता का कांपता हुआ कलेजा
और एक मां का आसभरा
और धड़कता हुआ दिल

देखो तो परचे के आगे-पीछे
पंक्तियों के बीच में लुका-छिपी करता है
एक मासूम सवाल-
कैसे करता है करतब
यह सब इतना कोई किशोर
पहली दफा

कोई बताए 
तो सौ में दो सौ पाए !
 (‘जल में’ से)

अभी 
====
बची हुई है अभी थोड़ी-सी शाम
बची हुई है अभी थोड़ी-सी भीड़
नित्य उठती-बैठती दुकानों पर

रह-रह कर सिहर उठती है
रह-रह कर डर जाती है
नई-नई लड़की
छोटी-सी 
श्यामवर्णी
जिसके पास बची हुई है अभी
थोड़ी-सी मूली

और
मूली के पत्तों से गाढ़ा है
जिसके दुपट्टे का रंग
जिससे ढाँप रखा है उसने
आधा चेहरा आधा कान

अनमोल है 
जिसकी छोटी-सी हँसी
संसार की सभी मूलियाँ
जिसके दाँतों से 
सफ़ेद हैं कम

और
पाव-डेढ़ पाव मूली 
एक रुपए में देकर
छुट्टी पाती है 
मण्डी से
ख़ुश होती है काफ़ी
एक रुपये से कहीं ज्यादा

मण्डी से लौटते हुए 
मुझे लगता है-
मूली से छोटी है 
अभी उसकी उम्र
और मूली से बीस है 
अभी उसकी ताज़गी

घर में घुसता हूँ तो  होता है-
अरे!
ये तो मूली में छिपकर
घुस आई है नटखट 
मेरे संग
अभी-अभी 
शामिल हो जाएगी
बच्चों में ।
(‘जल में’ से)

धर्मशाला बाजार के आटो लड़के   
====================
वे दूर से देखते थे और पहचान लेते थे
मद्धिम होता मेरा प्याजी रंग का कुर्ता
थाम लेते थे बढ़कर कंधे से
मेरा वही पुराना आसमानी रंग का झोला
जिसे तमाम गर्द-गुबार ने
खासा मटमैला कर दिया था
वे मेरे रोज के मुलाकाती थे
मैं चाचा था उन सबका
मेरे जैसे सब उनके चाचा थे
कुछ थे जो दादा जैसे थे
इस स्टैंड से उस स्टैंड तक
फैल और फूल रहे थे
छाते की कमानियों की तरह
कई हाथ थे उनके पास
रंगदारी के रंग कई
दो-दो रुपये में
जहां बिकती थी पुलिस
वे तो बस
उसी धर्मशाला बाजार के
आटो लड़के थे हंसते-मुस्कराते
आपस में लड़ते-झगड़ते
एक-एक सवारी के लिए
माथे से तड़-तड़ पसीना चुआते
पेट्रोल की तरह खून जलाते
वे मुझे देखते थे
और खुश हो जाते थे
वे मेरे जैसे किसी को भी देखते थे
खुश हो जाते थे
वे मुझे खींचते थे चाचा कहकर
और मैं उनकी मुश्किल से बची हुई
एक चौथाई सीट पर बैठ जाता था
अंड़सकर
वे पहले आटो चालू करते थे
फिर टेप-
किसी खोते में छिपी हुई
किसी अहि रे बालम चिरई के लिए
फुल्ले-फुल्ले गाल वाले लड़के का
दिल बजता था
उनका टेप बजता था
आटो में ठुंसे हुए लोगों में से
किसी की सांसत में फंसी हुई
गठरी बजती थी
किसी की टूटी कमानियों वाला
छाता बजता था
किसी के झोले में
टार्च का खत्म मसाला बजता था
और अंधेरे में
किसी बच्चे की किताब बजती थी
किसी छोटे-मोटे बाबू की जेब में
कुछ बेमतलब चाबियां बजती थीं
कुछ मामूली सिक्के बजते थे
किसी के जेहन में-
धर्मशाला बाजार की फलमंडी में
देखकर छोड़ दिया गया
अट्ठारह रुपये किलो का
दशहरी आम
और कोने में एक ठेले पर
दोने में सजा
आठ रुपये पाव का जामुन बजता था
और घर पर इन्तजार करते बच्चों की आंखें
बजती थीं सबसे ज्यादा।
(‘जल में’ से)

खेलो छोटे बहादुर
===========

आओ बहादुर
बैठो बहादुर
खाओ बहादुर
ये खुरमा
ये सेवड़ा
ये देखो रंग-वर्षा
खेलो छोटे बहादुर।
छोड़ो बहादुर
सम्भ्रांत पंक्ति का
पनाला
रहने दो आज जाम
बहने दो जहाँ-तहाँ
छोड़ो कुदाल
फेंको बाँस
लो खुली साँस।
आओ छोटे बहादुर
बताओ छोटे बहादुर
क्या कर रही होगी
इस वक्त पहाड़ पर माँ
माँ के मुख-रंग बताओ
छोटे बहादुर।
कितनी दूर है
तुम्हारा पर्वत-प्रदेश
मुझे ले चलो अपने घर
अकलुष आँख की राह
आओ छोटे बहादुर
अपने अगाये कंठ से
बोलो छोटे बहादुर
मद्धिम क्यों है आज
मुखाकृति।
(दूसरे संग्रह ‘जल में’ से)

आप सौ साल जियें पापा
================

छोड़ दीजिए पापा 
पान के बीड़े चबाना
और तरह-तरह के जर्दे की 
गमकने वाली खुशबू।
तम्बाकू-चूना मलना, ठोंकना
और होंठ के भीतर दाबकर
चुनचुनाहट के मजे लेना
बंद की जिए पापा बंद।
मुझे नहीं पसंद है पापा
मम्मी को नहीं पसंद है पापा।
ये लीजिए पापा सौंफ
इलायची लीजिए पापा
आप सौ साल जियें पापा।
सफेद फ्रॉकों वाली गुडिया जैसी
दस बरस की बिटिया
करती है प्रार्थना।
(‘जल में’ से)


जापानी बुख़ार
=========
   

हे बाबा 
किसका है यह 
जो अभी - अभी था 
और इस क्षण नहीं है 
जिसके मुखड़े के बिल्कुल पास 
बिलख रहे हैं परिजन और स्वजन 
राहुल - राहुल कह कर 

किसका है यह नन्हा - सा 
राजकुमार 
जिसे अपनी छाती से लगाये 
चूमती जा रही है बेतहाशा 
एक लुटी-लुटी - सी बदहवास युवा स्त्री 
जिसकी पथराई आँखों से झर रहे हैं 
आँसू 
झर-झर-झर 

कौन है यह 
अटूट विलाप करती हुई 
अभागी कोमलांगी 
जिसे अड़ोस - पड़ोस की बुजुर्ग औरतें 
चुप करा रही हैं -
यशोधरा - यशोधरा कह कर 
यह किसकी यशोधरा है बाबा 
किसका है राहुल यह 
तुमसे क्या नाता है 

पिपरहवा के किसी सिधई अहीर 
और गनवरिया के किसी बुधई कोंहार से 
इस कालकथा का क्या रिश्ता है 
कितने राहुल हैं बाबा
कितनी यशोधरा 

ढाई हजार साल बाद 
यह कैसी पटकथा लिख रहा है 
काल 
कपिलवस्तु के एक - एक गाँव में 
कपिलवस्तु के बाहर गाँव - गाँव में 
फूस की झोपड़ियों 
और खपरैल के कच्चे - पक्के मकानों में 
इक्कीसवीं सदी के एक - एक राहुल को 
चुन - चुन कर 
कैसे डँस लेता है काल
मच्छर का रूप धर कर

क्या पहले भी मच्छर के काटने से 
मर जाते थे कपिलवस्तु के लोग 
क्या पहले भी धान के सबसे अच्छे खेतों में 
छिपे रहते थे जहरीले मच्छर 
और देखते ही फूल जैसे बच्चों को 
डँस लेते थे ऐसे ही 
जापानी बुख़ार - जापानी बुख़ार 
कह - कह कर 

हमारे पुरखों के  पुरखों के  पुरखे 
शालवन और पीपल के पेड़ वाले 
बाबा 
आज भी जिस जापान में बजता है 
तुम्हारे नाम का डंका 
सीधे वहीं से फाट पड़ी है यह महामारी 
तीर्थों के तीर्थ बुद्ध प्रदेश में 
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 

शोक में डूबी हुई है 
यह विदीर्ण धरती 
जहाँ - जहाँ पड़े हैं 
तुम्हारे चरणकमल 
श्रावस्ती हो या मगध 
कपिलवस्तु हो या कोसल 
लुम्बिनी हो या कुशीनारा 
या हो सारनाथ 
हर जगह है तुम्हारा राहुल 
अनाथ 

आमी हो या राप्ती 
सरयू हो या गंगा या कोई और 
जिन - जिन नदियों ने छुए हैं 
तुम्हारे पांव 
डबडब हैं यशोधरा के आँसुओं की बाढ़ से 
देखो तो कैसे कम पड़ गया है 
तुम्हारी करुणा का पाट 
तुम्हीं बताओ बाबा 
क्या 
मेरी माँ यशोधरा 
मेरी चाची यशोधरा
मेरी बुआ यशोधरा
मेरी दादी 
मेरी परदादी की परदादी 
यशोधरा के असमाप्त रुदन से 
जीवित हैं इस अंचल की नदियाँ 

क्यों नहीं सूख जाती हैं ये नदियाँ 
क्यों नहीं खत्म हो जाता है 
राहुल की चिन्ता न करने वाला 
राजपाट 
क्यों नहीं हो जाता सिंहासन को 
जापानी बुखार 

बोलो बाबा 
कुछ तो बोलो 
हे मेरे अच्छे बाबा कुछ तो नया बोलो 
यशोधरा के महादुख पर रोशनी डालो 
आलोकित करो पथ 


क्या गोरखपुर क्या देवरिया 
और क्या महराजगंज 
क्या सिद्धार्थनगर 
क्या अड़ोस - पड़ोस के जनपद 
क्या पडोस के बिहार के गांव-गिरांव 
और क्या नेपाल बार्डर - अन्दर 
हर जगह पसरा हुआ है 
मौत का सन्नाटा 
और डर 
घर - घर में कर गया है घर 

किसी 
नई - नई हुई माँ से 
उसे रह-रह कर पुकारती हुई 
उसकी नटखट पुकार को 
छीन लेना 
सहसा
किसी
पिता की डबडब आँख से 
उसके चाँद-तारे को 
अलग कर देना 
किसी मासूम तितली से 
एक झटके में 
उसके पंख नोच लेना 
और गेंदा और गुलाब से 
उसकी पंखुड़ियों को लूटकर 
मसल देना 
किसी कविता का अंत है 
कि जीवन की अवांछित विपदा 
कि सभ्यता का कोई अनिवार्य शोकगीत 
बोलो बाबा

क्या है यह
जपानी बुखार है तो यहां क्यों है
क्यों पसंद है इसे सबसे अधिक
इसके फंदेनुमा पंजे में
गिरई मछली की तरह तड़प-तड़प कर
शांत हो जाने वाले
इस अंचल के विपन्न , हतभाग्य
और दुधमुंहे

यह कोई बुखार है
बुखार है तो उतरता क्यों नहीं
महामारी है महामारी
नई महामारी
सबसे ज्यादा नये पौधों को
धरती से विलग करने वाली
मौत की तेज आंधी है
बुझाये हैं जिसने 
इस अंचल के
हजारों नन्हे कुलदीप

कहां हैं मर्द सब
बेबस
और विलाप करती हुई मांओं की गोद
शिशु शवों से पाट देने वाला
हत्यारा जापानी बुखार
बचा हुआ है कैसे अबतक
कहां है पुलिस
और कहां है सेना
क्यों नहीं करती इसे गिरिफ्तार
जिंदा या मुर्दा
कोई विपक्ष है
है तो क्यों नहीं मांगता
जीने के अधिकार की गारंटी
कोई सरकार है कहीं
है तो कहां है

आये हाईकमान 
कोई भारी-भरकम मंत्री-संत्री
कोई राजधानी का पत्रकार आये
और 
टीवी पर जिंदगी की दो बूंद देने वाले
महानायक को पकड़कर लाये
कोई तो बतलाये-
जापान में एटमबम से
कितने शिशुओं की आंखें हुईं बंद
वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले में
मारे गये कितने अमेरिकी
आखिर कितना है अभी यहां कम

आने से कतराता है
सरकार का मुखिया
करता है वक्त का इंतजार
और हिसाब-किताब
अस्पतालों और सेहत का महकमा
पता नहीं किस अहमक के जिम्मे है
क्या शहर और क्या देहात
क्या धान के खेत
और क्या गड्ढे का पानी
किस सूअर
और किस मच्छर की बात करें 
हर कोनें-अंतरे में बठी हुई है मौत
सफेद लिबास में

एक कहता है
हेलीकाप्टर में बैठकर
अपने नुकीले नाखूनों वाले पंजे से
छिड़केंगे दवा
गांव-खेत , ताल-पोखर 
चल चुकी है राजधानी से
दवा लगी मच्छरदानियों की भारी खेप
हर मुश्किल में आपके साथ है
एक खानदानी पंजा

दूसरा
पहले शंख बजाता है फिर गाल-
बुखार जापानी हो या पाकिस्तानी
मार भगायेंगे
मर्ज कैसा भी हो 
काफी है छूमंतर होने के लिए
कमल की पंखुड़ियों से बनी
एक गोली 

तीसरा आता है बाद में
रहता है सरकार में मगन
कहता है कुछ करता है कुछ
मिनट-मिनट पर सोचता है 
नफा-नुकसान
क्या खूब फबती है 
उसकी दस लाख की गाड़ी पर
हरे और लाल रंग के मखमल जैसे
छोटे से झण्डे में कढ़ी हुई
सुनहली साइकिल 
जिसके पास खड़ा होकर
किसी पुराने दर्द भरे गाने की तरह
कहता है-
जो हुआ उसके लिए बेहद अफसोस है
टीके और दवा का करते हैं इंतजाम
लीजिए फौरन से पेश्तर 
ले आया हूं आठ करोड़ 
बस पकड़े रहें 
साइकिल की मूठ

आते हैं एक से बढ़कर एक
हाथी नहीं आता 
मुमकिन है कभी आये हाथी
गिरते-पड़ते
चाहे हाथी के हौदे पर आये
कोई गुस्सैल
चिंघाड़ते हुए-
नहीं-नहीं , यह नहीं जापानी बुखार
न इंसेफेलाइटिस न मस्तिष्क ज्वर
यह तो है सीधे-सीधे
मनुवादी बुखार 
कमजोर तबके पर है जिसकी ज्यादे मार

कोई नहीं आता ऐसा
कोई वैद्य कोई डाक्टर
कोई लेखक कोई कलावंत
जीवन का कोई इंजीनियर

कोई पथ-प्रदर्शक
कोई माई का लाल
माई से कहने-
घबड़ाओ नहीं माई
लो 
मेरी त्वचा की रूमाल से 
पोंछ लो अपने आंसू 
हर पंजे से बचायेंगे
बचायेंगे कमल से
साइकिल से बचायेंगे
बचायेंगे हाथी से
शर्तिया बचायेंगे माई
इस भगोड़े जापानी बुखार से
सूअर से बचायेंगे
बचायेंगे मच्छर से
सबसे बचायेंगे
माई ।
(जापानी बुखार से)



                                                          



सोमवार, 5 जनवरी 2015

स्वर एकादश के कवि

- गणेश पाण्डेय

बोधि प्रकाशन के ‘स्वर एकादश’ संकलन की वजह से कई कवियों ने खासतौर से ध्यान खींचा है। संकलन में संकलित कवियों के स्वर की विविधता ने ही नहीं, बल्कि तीव्रता ने भी चौंकाया है। इनमें कई ऐसे कवि हैं जो काफी समय से लिख रहे हैं। अलग-अलग अवसरों पर उनकी कविताओं ने पहले भी ध्यान खींचा है। पर यहाँ ठहर कर और एक साथ कई कवियों की रोशनी के बीच देखने पर इनका महत्व बढ़ जाता है। भूमिका में ठीक ही कहा गया है कि इनके स्वर अलग-अलग हैं। हर कवि के स्वर की निजता कविकर्म की बुनियाद है। जो कवि अपने कविता-संसार में अपनी निजता की रक्षा नहीं कर पाते हैं, वे अपनी कविता को नकली कविता की जमात में पहुँचा देते हैं। अच्छे कवि विचारधारा के आग्रह के बावजूद कविताई में अपनी छाप रखते हैं। विचारधारा ही नहीं, संवेदना के स्तर पर भी हर मजबूत कवि अपनी निजता को बचाये रखता है। तभी उसकी कविता नकल होने से बचती है। इस संग्रह की कविताओं में अपने परिवेश के प्रति जो लगाव है, दरअसल वह कवि जीवन का कविता के प्रति स्वाभाविक व्यवहार है। प्रकृति, समाज, रिश्ते, प्रेम इत्यादि से इस संकलन के कवियों की कविता का परिसर बनता है। एक खास बात, अपनी धरती से जुड़ाव की है। इस संकलन के कुछ कवियों में तो लोक संवेदना और काव्य संवेदना के बीच एक झीना-सा आवरण रहता है। कई बार लगता है कि यही कविता की असली दुनिया है। पर दरअसल यह सिर्फ लोक की ताकत नहीं है, लोक को कवि जीवन में जीने की ताकत है। शहरी जीवन पर लिखी तमाम कविताएँ कवि के जीवनानुभव की विपन्नता की वजह से इसीलिए सिर्फ एक काव्य प्रवृत्ति बन कर रह जाती हैं। अपना प्रभाव खो देती हैं। जिन कविताओं में जीवनानुभव की तीव्रता को काव्यानुभव मे बदलने की ईमानदार कोशिश होती है, वे चाहे लोक संवेदना की कविताएँ हों या कस्बाई या शहरी जमीन की, अपनी शक्ति और सौंदर्य का अनुभव कराती हैं। इन कवियों में कई कवि पचास पार के हैं, इसलिए कम से कम मैं उन्हें युवा कवि नहीं कह सकता। उनकी कविताएँ भी कविताई की दृष्टि से युवा कविता से भिन्न हैं। अपनी कविता की बनावट और बुनावट, दोनों स्तरो पर ये प्रभावित करते हैं। मुखातिब होते ही अपनी कविता की बाहों में भर लेते हैं। अपने प्रेम और अपने दर्द, अपने एकांत और अपने संघर्ष का साथी बना लेते हैं।
        अग्निशेखर की कविताओं को पहले भी देखने का अवसर मिला है। पर इस बार खास यह कि कोई ग्यारह कवियों की पंक्ति में क्रम ही ऐसा और अच्छा था कि सबसे पहले उन्हें ही देखा। कश्मीर राजनीति में भले ही एक सौदा रहा हो जिसे राजनीति करने वालों ने अपने-अपने नफे-नुकसान के नजरिये से देखा हो, पर साहित्य में कश्मीर को कभी इस नजरिये नहीं देखा गया है। कश्मीर उसी तरह वहाँ के लोगों के लिए जीवन का आधार है जैसे हमारे लिए पूर्वांचल या अवध या दूसरे अंचल। अपनी धरती से लगाव का क्या मतलब है, यह बताने की चीज नहीं है। अपनी धरती से बिछुड़ने का दर्द भी कितना दुख देता है, कहने की बात नहीं। पर जब यह जीवनानुभव  कविता का हिस्सा बनता है तो कविता कैसे हमारे अंतस्तल में रच-बस जाती है, कैसे हमारे विचार-स्फुलिंग जाग जाते हैं, कैसे हम एक गहरी बेचैनी से भर उठते हैं, कैसे हम उस दर्द के पहाड़ पर अपना सिर पटक देना चाहते हैं, कैसे हम देर तक स्तब्ध रहते हैं, यह सब एक अच्छी कविता ‘पुल पर गाय’ से पता चलता है-

सब तरफ बर्फ है खामोश
जले हुए हमारे घरों से ऊँचे हैं
निपते पेड़
एक राह-भटकी गाय
पुल से देख रही है
खून की नदी
रंभाकर करती है
आकाश में सुराख
छींकती है जब भी मेरी माँ
यहाँ विस्थापन में
उसे याद कर रही होती है गाय
इतने बरसों बाद भी
नहीं थमी है खून की नदी
उस पार खड़ी है गाय
इस पार है मेरी माँ
और आकाश में
गहराता जा रहा है
सुराख।

    दो-दो माँएँ हैं इस कविता में। एक गाय, एक माँ। गाय धरती माँ है। कश्मीर है। जिसके दर्द की आवाज से आकाश में सुराख हो रहा है और बढ़ता ही जा रहा है सुराख। अर्थात दर्द की आवाज और तेज होती जा रही है। कविता इससे आगे कहती यह है, इस विडम्बना से साक्षात्कार कराती है कि आसमान से अमन की जगह हिंसा की बारिश जारी है। गाय माँ की भटकती हुई आत्मा भी बन जाती है। गाय एक हिंदू परिवार की आवाज भी बन जाती है। कई अर्थछवियाँ हैं, इस कविता में। यह कवि की खूबी है कि वह अनेक अर्थछवियों को अस्पष्ट होने से बचाता है। अग्निशेखर की और भी कविताएँ इस संकलन में हैं, दिल्ली में पुश्किन,  पीजा, बर्गर और नाजिम हिकमत, बिरसे में गाँव, याद करजा है बच्चा, तेरी डायरियाँ, माली।  इन कविताओं में संवेदना की बारीक बुनावट के भीतर विचार का एक कोड़ा भी है, जो हमारे समय के यथार्थ से मुठभेड़ करता है। जैसे अग्निशेखर कश्मीर की जगह जम्मू में हैं, उसी तरह केशव तिवारी प्रतापगढ़ की जगह बाँदा में हैं। पर यह दर्द उतना बड़ा नहीं है। इसलिए कि केशव बाँउा में रह कर भी एक प्रतापगढ़ बना लेते हैं। कहना चाहिए कि बाँदा में रच-बस जाते हैं। वहाँ के लोक का हिस्सा हो जाते हैं। वे यह भूल जाते हैं कि अपने जनपद में नहीं हैं। जहाँ हैं वही उनका जनपद हो जाता है। केशव की कविता में जन के पद की और जनपद की, दोनों की गूँज है। यही बात केशव में मुझे काफी अच्छी लगती है। कई जनवादियों को इधर हिंदी कविता और आलोचना में विलक्षणतावादी होते इतना देखा है कि लगता है कि वे हैं तो शुद्ध विलक्षणतावादी पर अपनी प्रगतिशीलता की दुकान बचाए रखने के लिए संगठनों में शामिल हो गये हैं। वे जनविरोधी भाषा में जनवादी कविताएँ और आलोचना लिखते हैं। कविता और आलोचना के इस अकाल में इधर के कवियों में केशव अच्छे लगते हैं। इसलिए कि जो लिखते हैं, वह जीते हैं। जीवनानुभव के धनी कवि केशव की कुछ कविताओं पर एक छोटे-से नोट पहले भी कह चुका हूँ कि कुछ नये कवि शोर बहुत करते हैं और काम कम। कुछ कवि चुपचाप अपना काम करते हैं। शयद ऐसे ही कवि हैं केशव तिवारी। केशव की कविताओं से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हमारे समय और जीवन और खासतौर से लोकजीवन की भूमि पर रची साफ-सुथरी कविताएँ भला किसे अच्छी नहीं लगेंगी। केशव की कविताएँ इसलिए भी अच्छी लगती हैं कि इनमें जीवन की सहजता और लय की तरह कविता का जीवन भी बहुत सहज और आत्मीय है। केशव के लोक की एक बड़ी विशेषता है कि केशव का लोक अपने परिसर का विस्तार करता है। अपने अंचल से बाहर जहाँ-जहाँ लोक है, लोक के जन हैं सब केशव की कविता में रच-बस जाते हैं। जीवन जहाँ भी है, सुख-दुख की डोर के बीच तना है। ‘कल रात’ का छत्तीसगढ़िया मजदूर भी केशव की कविता की आत्मा का सहचर बन जाता है-

‘सोचता हूँ जैसे मैं अवध
और बुदेलखण्ड को चाहता हूँ
मेवाती मेवात को
भेजपुरिया भोजपुर को चाहता होगा
क्ल रात बतिया रहा था
दोस्त के ईंट-भट्ठे पर
सपरिवार काम करने आये एक छत्तीसगढ़िया मजदूर से
वह शराब में डूबा बता रहा था अपने लोगों की बदमाशी
कैसे अपने ही लोगों ने लिखाया झूठा मुकदमा
सयानी होती बिटिया पर कसे छींटे
कई-कई बार बोला वह
एक रोटी खाकर भी न छोड़ता देश
रोटी ही नहीं ये वजहें भी थीं सब छोड़ने की
बोला सालों से नहीं गया दुर्ग और न जाना चाहता है
चलते-चलते मैंने कहा-
कल में जा रहा हूँ दुर्ग
तुम भी तो पाटन के लिए उतरते होगे वहीं
जाने क्या छुपा था उसकी
नाराज आँखों के बीच
कि अचानक छलकने लगा बाहर
शराब के नशे में शिथिल
उदास आखों को इस तरह रोते मैंने
देखा पहली बार।’

    इस कविता में एक लोकमन को ही नहीं, कवि की आत्मा के साथ अपनी आत्मा को भी रोते हुए देख रहा हूँ। मजदूर तो कविता के भीतर रो रहा है। हम बाहर। यह कविता की ताकत है। कश्मीर कहाँ नहीं हैं। जुल्म ढ़ाने वाले कहाँ नहीं हैं। कभी रोटी की वजह से तो कभी बेदखल करने की वजह से, विस्थापन कर क्रम चलता रहता है। जीवन का यह क्रम हर जगह है। लेकिन सच्चाई यह कि हम जहाँ जाते हैं और जिन्दगी के बीस-तीस साल गुजारते हैं, वह जगह हमारी भी हो जाती है। हम उस जगह के हो जाते हैं। स्वर एकादश में केशव की कुछ और अच्छी कविताएँ हैं-दिल्ली में एक दिल्ली यह भी, रातों में कभी-कभी रोती थी मरचिरैया, बिसेसर। सभी कविताएँ अच्छी हैं। सब के बारे में कहने का न तो अवकाश नहीं हैं। अग्निशेखर और केशव तिवारी के बाद बाकी कवियों में जिन कवियों ने ध्यान खींचा है, बिना क्रम के मैं उनके नाम लेना चाहूँगा। कवि की उम्र का कविता के अच्छे होने या यादगार होने से कोई संबंध नहीं है। मुझे अच्छा यह लगा कि हिंदी की पारंपरिक शिक्षा न लेने वाले कई कवि जिन्होंने इतर विषयों में डिग्री ली है, उनकी कविताएँ पानी की तरह तरल, सहज और सरल हैं। इतनी पारदर्शी और इतनी कोमल कि पूछिए मत। सीधे हृदय को छू जाती है। इन कवियों में सबको एक जैसे महत्व का कह पाना मेरे लिए मुश्किल है। कविताएँ सभी कवियों की अच्छी हैं, पर मेरे लिए सभी कवियों की सभी कविताओं को उल्लेख के लिए पसंद कर पाना मुश्किल है। संतोष चतुर्वेदी, महेश पुनेठा, भरत प्रसाद, सुरेश सेन निशांत, राज्यवर्द्धन, राजकिशोर राजन और कमल जीत चौधरी की कुछ कविताएँ काफी पसंद आयीं। जबकि काव्यभाषा की दृष्टि से अधिक ध्यान खींचा है संतोष कुमार चतुर्वेदी, राजकिशोर राजन, महेश पुनेठा और कमलजीत चौधरी ने। अधिक उम्र के कवियों की भाषा तो अच्छी है ही। इसलिए उनका नाम नहीं ले रहा हूँ। पर ध्यान देने की बात यह कि काव्यभाषा अच्छी होने के बावजूद किसी कविता के उल्लेखनीय बनने की और भी वजहें होती हैं। विषय का चुनाव और कविता की बनावट और बुनावट और फिर कविता को एक निश्चित परिणति तक ले जाने का हुनर, इन सब कई बातों पर मेरा ध्यान जाता है। संतोष चतुर्वेदी की कविताओं ने इन्हीं खूबियों की वजह से खासतौर से ध्यान खींचा है। सच तो यह कि इधर हिंदी की पारंपरिक पढ़ाई न करने वाले कई कवियों ने अपनी प्रतिभा और कविता के प्रति दीवानगी की वजह से अच्छा काम किया है या अपनी कविताई के प्रति भरोसा पैदा किया है। संतोष, महेश, राज्यवर्द्धन आदि शायद ऐसे ही रचनाकार हैं। संतोष कुमार चतुर्वेदी की ‘पानी का रंग’ कविता को देखकर मैं दंग था। जैसे एक-एक शब्द से छन कर बह रहा है कविता का पानी। संतोष की कविता का पानी, जीवन का पानी है, सार है, अर्थ है-

‘अनोखा रंग है पानी का
सुख में सुख की तरह उल्लसित होते हुए
दुख में दुख के विषाद से गुजरते हुए
कहीं कोई अलगा नहीं पाता पानी से रंग को 
रंग से पानी को कोई छननी छान नहीं पाती
कोई सूप फटक नहीं पाता
और अगर ओसाने की कोशिश की किसी ने
तो खुद ही भीग गया आपादमस्तक.....’                

           महेश चंद्र पुनेठा की अपनी पहली ही कविता ‘प्रार्थना’ से अपनी कविताई और खासतौर से काव्यसंवेदना के प्रति भरोसा पैदा करते हैं-

‘विपत्तियों से घिरे आदमी का
जब नहीं रहा होगा नियंत्रण परिस्थितियों पर
फूटी होगी उनके कंठ से पहली प्रार्थना
विपत्तियों से उसे बचा पायी हों या नहीं प्रार्थना 
पर विपत्तियों ने अवश्य बचा लिया प्रार्थना को।’       

      पर महेश की कोई आठ कविताओं में मुझे एक नई दुनिया के निर्माण की तैयारी इसलिए ज्यादा अच्छी लगी कि कवि कविता के नये क्षेत्रों में जाने का साहस है। आटा गूँथती स्त्रियों के बहुत से चित्र कविताओं में मिल जायेंगे। पर तेरह बरस के बेटे को आटा गूँथते हुए देखना और उस पूरे प्रसंग में किसी सपने को पकते हुए देखना, देखते बनता है। कविता में इधर नये चरित्रों की मौजूदगी कम हुई है। लेकिन अभी भी कई कवि स्मृतियों के बहाने ही सही जीवन को भासमान करने वाले चरित्रों को लेकर आ रहे हैं। राजकिशोर राजन अपनी पीढ़ी के कवियों में ध्यान खींचते हैं। इस पीढ़ी के कवि सचमुच अच्छा लिख रहे हैं। राजन की ‘सुनैना चूड़ीहारिन’ एक ऐसी ही उम्दा कविता है। राजन का संग्रह भी देख चुका हूँ। संभावनाशील कवि हैं राजन। नोट की सीमा है, इसलिए राजन की कविता का अंश नहीं दे रहा हूँ। राजन से उम्र में छोटे पर उतने ही संभावनाशील कवि कमलजीत चौधरी की भी कविता का अंश नहीं दे पा रहा हूँ। कमलजीत चौधरी की भाषा ध्यान खींचती है। छोटी-छोटी पंक्ति में टटके बिम्ब हैं। भरत प्रसाद भी अपनी कविता की ताजगी की वजह से ध्यान खींचते हैं। ताजगी सिर्फ नये विषयों की खोज में नहीं होती, कभी-कभी पुराने विषयों की नयी कहन में भी ताजगी दिख जाती है, ‘रेड लाइट एरिया’ एक ऐसी ही कविता है-

‘सब कुछ लुट जाने के बावजूद
उसकी आँखों में अभी कितना पानी शेष है
यकीन नहीं होता कि वह अभी भी
हँस सकती है, रो सकती है, नाच सकती है, खुश हो सकती है
सबसे आश्चर्यजनक यह कि वह अभी भी प्यार कर सकती है
खैर मनाइएआपके आदमी होने से अभी उसका विश्वास नहीं उठा है’            
        
          इन कवियों की सभी कविताओं में कविता होने का भरपूर अहसास भी जिन्दा है। निशांत की ‘गुजरात’ कविता गुजरात को पिछले दिनों की साम्प्रदायिक घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में देखते हुए भी उस धरती में भरोेस के बीज अंकुरण किया है। भले ही बेटे के गुजरात जाने के संदर्भ विशेष की वजह से। पूरी कविता अपनी लंबाई ही नहीं बल्कि गहराई से भी पाठक को बाँधकर रखती है। संपादक राज्यवर्द्धन की यह चिंता स्वाभाविक है कि समकालीन हिंदी कविता में ‘अमूर्तन की प्रवृत्ति बढ़ी है तथा अबूझ बिम्बों की बाढ़ आयी हुई है। कतिवा जो कहना चाहती है, वह पाठकों तक ठीक-ठीक संप्रेषित नहीं हो पा रहा है।’ इस नजरिये से ‘स्वर एकादश ’को देखें तो कहना होगा कि संपादक राज्यवर्द्धन का यह प्रयास अपने उद्देश्य में सफल है। यह तो पक्का है कि इस संकलन में संप्रेषण का सकंट नहीं है। लेकिन मित्रो, जितना जरूरी है किसी कविता को अबूझ बनने से बचाने का उपक्रम उतना ही जरूरी है किसी कविता को अच्छी कविता बनाने की कोशिश। एक पहिए में जरा-सा नुक्स होगा तो दूसरा ठीक से काम नहीं कर पाएगा। अभी इस पर रास्ते पर काफी काम बाकी है। अंत में कवियों से यह कि पसंद करने वालों के भरोसे पर ध्यान देंगे तो आगे अपनी कविता को और बेहतर करेंगे। बेहतर की उम्मीद है।



मंगलवार, 30 दिसंबर 2014

आपकी सदिच्छा का सम्मान करता हूँ...

-गणेश पाण्डेय

आप मेरे शुभेच्छु हैं। आपकी सदिच्छा का सम्मान करता हूँ। मैं मानता हूँ कि वे नहीं बदलेंगे, या कुछ नहीं बदलेगा और यह भी मानता हूँ कि मैं यह सब कर भी नहीं पाऊँगा। मैं तो साहित्य का बहुत छोटा कार्यकर्ता हूँ। आपने खुद कहा है कि मुझे अपना काम करना चाहिए, मैं सिर्फ अपना काम कर सकता हूँ और वही कर रहा हूँ।
              पृथ्वी पर सबके लिए थोड़ी-सी जगह होती है। राजा के लिए बहुत तो रंक के लिए भी जरा-सी। पृथ्वी पर चोर भी रहते हैं तो साव भी। क्या सब चोर ही रहते हैं ? सब राजा-वजीर ही नहीं होते हैं, कुछ कारिन्दे और कुछ चौकीदार भी होते हैं। आखिर एक चौकीदार का भी तो कोई धर्म होता है या नहीं ? क्यों वह अँधेरी रात में खाली सड़क पर लट्ठ खड़काता है और आवाज लगाता है ? जब उसका काम महान पूँजीपतियों जितना रुपया कमाना नहीं है तो वह लट्ठ ही तो खड़काएगा ? समाज में अमन-चैन और हिफाजत रहे, इसलिए कुछ लोग राजा नहीं बनते हैं, सिपाही बनते हैं, ट्रैफिक वाला बनते हैं, फौज में जाते हैं, कुछ लोग समाज सेवी बनते हैं...आप तो जानते हैं कि मुझमें राजा बनने की इच्छा कभी नहीं थी, जिन्दगी भर सुई की नोंक बराबर थोड़ी-सी जगह यहाँ, हिन्दी की दुनिया में पाने के लिए की। आप ही बताएँ, किस आँख वाले राजा के राज्य में ऐसा होता रहा है कि दरबारी, नौकर-चाकर जैसे लोग स्वाभिमानी प्रजा के सिर पर पैर रखकर चलते थे, उसका तनिक साफ-सुथरा अँगरखा फाड़ देते थे ? आशय यह कि बुनियादी तत्व जीवन में कभी नहीं बदलता है। दरबारी, दरबारी होते हैं और विद्रोही, विद्रोही। क्या स्वतंत्रता आंदोलन के दिनों में यहाँ अंग्रेजों के दलाल नहीं थे ? इसे भी छोड़िए, जिसका जो काम है, वह वही करता है। बाघ का काम गधा नहीं कर सकता और मोर का काम हाथी नहीं कर सकता है। वीर का काम कायर नहीं कर सकता और दीवाने का काम कोई धंधेबाज नहीं कर सकता। 
           मुझे महान काम नहीं करना है। रामचरित मानस नहीं लिखना है। मुझे कविता का विश्वविजय नहीं करना है ? मुझे कबीर, सूर, तुलसी, जायसी, निराला, रामचंद्र शुक्ल, हजारी प्रसाद, रामविलास इत्यादि नहीं बनना है, जिन्हें यह सब बनना है, क्या कर रहे हैं या अब तक किया क्या है ? मुक्तिबोध ने कहा है जीवन क्या जिया ? मर गया देश, अरे जीवित रह गये तुम ? इन कथित महान लोगों के रहते आखिर पूर्वांचल में हिन्दी तो मर ही गयी न ? असल में इन बेईमानों को हिन्दी की चिंता कहाँ थी ? इन्हें तो अपने सरदार को अमर करने की चिंता थी। इनकी समझ पत्थर से आगे कहाँ जाती  ? पत्थर पर लिख गया अमुक पद तो अमर हो गये, यह है इनकी समझ। जिन नासमझों को यह सब करना है, करें। यह मेरा काम नहीं है। जैसे वे मेरा काम नहीं कर सकते हैं, वैसे ही मैं उनका काम या उनकी तरह काम कैसे कर सकता हूँ। मैं यह नासमझी कैसे दिखा सकता हूँ कि फूल-मालाओं से लाद कर कहूँ कि आप अमुक अकादमी के अध्यक्ष हो गये हैं तो आपने जग जीत लिया है, क्या आप खुद यह कह सकते हैं कि अमुक प्रधानमंत्री हो गये तो गांधी, नेहरू, लोहिया इत्यादि हो गये हैं ? जाहिर है कि किसी पद पर पहुँचना एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, बौद्धिक या साहित्यिक उपक्रम नहीं। मैंने तो यहाँ के लोगों को अनेक छोटे-मोटे या बड़े-बड़े लोगों के सामने साष्टांग होकर पूजा करते देखा है, देखा तो आपने भी है, भला मैं या जो न चाहे वह यह सब कैसे कर सकता है ? मैं या कोई करेगा वही जो वह चाहेगा। अर्थात करेगा तो अपना काम ही। उनका काम वे करें, अपना मैं करूँगा। 
            मैं जानता हूँ कि मेरे कहने से कुछ नहीं होगा, दुनिया जैसे है, वैसे ही चलेगी। आपके मुहावरे में कहूँ तो सब ऐसे ही चलेगा। आप तो साहित्य के एक कथित बड़े पुरस्कार-व्यास-की चयन समिति इत्यादि में रहे हैं, आप निकट से जानते हैं कि आज ऐसे पुरस्कारों की पात्रता और महत्व क्या रह गया है। मैं साहित्य के इस पक्ष को लेकर आपकी बात से सौफीसदी सहमत हूँ कि साहित्य में सब ऐसे ही चलेगा, लेकिन निवेदन यह कि शुरू में अंग्रेजों को हटाना भी तो असंभव था या नहीं ? बाल-विवाह और बेमेल विवाह और सती प्रथा इत्यादि बुराइयों को दूर करने की कोशिश भी तो आखिर हुई या नहीं ? किसी हद तक कुछ बुराइयाँ, खत्म या कम हुईं। यह भी सच है कि भ्रष्टाचार की बुराई, जातिवाद की बुराई, दहेज की बुराई, स्त्री-हिंसा इत्यादि की समस्या जस की तस है तो क्या इसके खिलाफ आवाज न उठाएँ ?
          छोड़िए यह सब, दुनिया से पूँजीवाद का नाश नहीं होगा, साम्प्रदायिकता खत्म नहीं होगी, धार्मिक कट्टरता ऐसे ही रहेगी तो क्या इन्हें हटाने की कामना भी जिंदा न रहे ? जो लोग बेहतर दुनिया का स्वप्न देख रहे हैं, वे अपनी आँखें साहित्य अकादमी के गुसलखाने में जमा कर दें ? इसे भी छोड़िए, कुछ लोग इस देश को यह जानते हुए भी कि सौ बार भी जन्म लें तो ऐसा नहीं होगा, फिर भी इसे हिन्दू राष्ट्र बनाने की बात करते हैं तो कुछ लोग यह जानते हुए कि सिर्फ उनके कहने से धर्मनिरपेक्षता का विचार मूर्त रूप नहीं लेगा, क्यो धर्मनिरपेक्षता की वकालत करते हैं ? वे यह सब पाखंड कर सकते हैं तो क्या मैं साहित्य के घर को तनिक साफ-सुथरा करने की बात नहीं कर सकता ? क्या साहित्य में सुधार की बात सचमुच नासमझी है ? चलिए, साहित्य के घर को भी छोड़िए, खुद को तनिक बचाकर नहीं रख सकता हूँ ?
             आप जानते हैं कि मेरा एक छोटा-सा उपन्यास है- ‘अथ ऊदल कथा’। मैं यहाँ जिंदगी भर तरसता ही रहा कि कोई मेरा आल्हा बने, बना कोई ? मैं आज खुद आल्हा हूँ। मैंने बस युवा अवस्था में ही नाम-इनाम की नन्ही-सी इच्छा को अपनी इन्हीं कलम पकड़ने वाली उँगलियों से मसल दिया और आल्हा बन गया। जो ठीक समझता हूँ, कहता हूँ। अपने छोटे भाइयों को आगाह करता हूँ, उनके आँसू पोंछता हूँ, यही मेरा साहित्य में सबसे बड़ा काम है। जो हो सकता है करता हूँ। अनुमति दे ंतो अपनी एक कमजोर कविता से बात खत्म करना चाहूँगा। कमजोर कविता का जिक्र इसलिए कि मैं रचना को उस तरह नहीं देखता जिस तरह हिन्दी के विद्वान देखते हैं। हिन्दी के विद्वान सिर्फ अच्छी और महान रचना को अच्छी नजर से देखते हैं, मैं एक खराब रचना को भी अच्छी नजर से देखता हूँ। देखता हूँ कि तमाम राख में कहीं कोई चिंगारी है या नहीं ? है तो मेरा ध्यान जाएगा। मेरी इस कविता में कवि जीवन का थोड़ा-सा बारूद है, कला का पहाड़ नहीं-

मैंने अपना काम किया

मैंने अपना काम किया
छोड़ो किसने क्या किसके संग किया

चींटी की गति को देखा सप्रेम
किसी नीम की छाल चूमकर पूछा दर्द
पास दिखा जब कोई सच्चा जैसा
कंधे पर रख दिया हाथ

जहां जरूरत थी बोला टूटा-फूटा
विद्या के मंदिर में झाड़ू नित्य दिया
खुद को रखा साफ बचाकर मुश्किल से
धूल फेंकने वाले थे तमाम
कुछ को तो गरियाया खूब
कुछ को लेकिन माफ किया

जीवन के सर्कस में स्कूटर से गिरा गजब
फिर भी न मरा
पहली बार भिड़ा बकरी से
बिजली के खम्भे फाट पड़ा अगली बार
उसके बाद
सिर दे मारा हिंदी की बिल्डिंग पर 
रहा तनावों में अक्सर
अलबत्ता
खुदपर हंसने का खेल नहीं कर पाया

जाने-अनजाने में 
ऐसे ही कुछ इक्का-दुक्का काम किया

किसने खाया किसका हबर-हबर
किसने फेंका किसपर छिपकर अप्रकाश
धाट किया किस विधि से
जीवन की कविता में किसने फ्रॉड किया
छोड़ो भी
जिसने जो भी किया 
किया उसे यों दूर चुटकी से
देखो जी मैंने अपना काम किया। 

                अंत में यह कि साठ की उम्र में न मैं खुद को बदल पाऊँगा, न वे। वे जो कर सकते हैं करते रहें, मुझसे जो हो पाएगा करता रहूँगा। आप जैसे शुभेच्छुओं से बहुत बल मिलता है। मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि आप मेरा मंगल चाहते हैं, आप चाहते हैं कि कविताएँ निरंतर लिखता रहूँ। कोशिश करूँगा कि आगे कुछ अच्छी कविताएँ जरूर लिखूँ। गद्य को निराला ने जीवन संग्राम की भाषा कहा है, इससे दूर नहीं हो पाऊँगा।
नववर्ष की शुभकामनाओं सहित...
         





शनिवार, 27 दिसंबर 2014

कसौटी पर पक्ष और प्रतिपक्ष

- गणेश पाण्डेय
‘‘भारत रत्नों की आलोचना अच्छी बात है, कीजिए खूब कीजिए, लेकिन उन्हीं वजहों से साहित्य रत्नों की आलोचना न करना बहुत खराब बात है। हद तो यह कि ऐसे ही साहित्य रत्नों की खूब लंबी पूजा की जाती है। यह साहित्य की कैसी प्रगतिशील और जनवादी प्रवृत्ति और जन संस्कृति है भाई?’’ - यह प्रश्न 25 दिसंबर को मेरी वॉल पर एक छोटी-सी जिज्ञासा के रूप में दर्ज है। इस सिलसिले में संयोगवश पुरस्कारों के पक्ष और प्रतिपक्ष को लेकर एक दिलचस्प बातचीत नंद भारद्वाज जी, कर्ण सिंह चौहान जी और मेरे बीच हुई। जाहिर है कि पाठकों के विवेक पर भरोसा है, इसलिए अलग से कोई टिप्पणी नहीं कर रहा हूं। पाठक स्वयं अपना पक्ष चुन लेंगे या तटस्थ रहकर देखेंगे। एक जरूरी और अर्थपूर्ण संवाद जस का तस यहां प्रस्तुत किया जा रहा है-
1-नंद भारद्वाज : किसी व्यक्ति के सम्मान की आलोचना करना मैं उचित नहीं समझता, लेकिन चाहे नागरिक सम्मान हो या कला-संस्कृति के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले को पुरस्कार, उसके मूल्यांकन की कसौटी और प्रक्रिया वस्तुपरक, निष्पक्ष और निर्दोष होनी चाहिये। अन्यथा उस सम्मान दिये जाने का कोई महत्व नहीं रह जाता।
2-गणेश पाण्डेय : आपके कथन के इस आशय से पूरी तरह सहमति है कि साहित्य में भी सुधार की बेहद जरूरत है। प्रसंगवश कहना चाहता हूं कि अभी कुछ देर पहले एक मित्र को संदेश के रूप में कहा है कि‘‘ मित्र, सबके सामने आपकी बात काटना उचित नहीं है। इसलिए अलग से इतना ही कि साहित्य के सबसे बड़े पुरस्कार को पानेवाले ने ही उसे आलू का बोरा कहा था, जानते ही होंगे। दूसरी बात यह कि लेखक का सच्चा आनंद महत्वपूर्ण रचने में हैं, पुरस्कार में आनंद की खोज मजबूत लेखक का काम नहीं है। हो सके तो पुरस्कारों के मायाजाल से मुक्त होने की चेष्टा करे। आप मेरे मित्र हैं, कभी नहीं चाहूंगा कि आप कहीं से भी कमजोर दिखें। सादर...’’ इस संदेश से केवल एक वाक्य निकाल लिया है। नंद जी, आप मेरे अग्रज हैं, विनम्रतापूर्वक साहित्य के पुरस्कारों के संदर्भ में कहना चाहूंगा कि पिछले दिनों उम्र में काफी छोटे लेकिन समझदारी में बहुत आगे दिखने वाले युवा कवि शिरीष ने मेरी वॉल के किसी पोस्ट पर कहा था कि ‘‘पुरस्कार शायद रीतिकालीन अवशेष हैं।’’ मैं शिरीष के वाक्य से ‘शायद’ निकालकर शिरीष की पीठ थपथपाना चाहूंगा और किसी का एक शेर याद आ गया है तो उसे भी जरूर कहना चाहूंगा, अनुमति दीजिए - ‘‘हमारे दौर के बच्चे हो गये गंभीर/बुजुर्ग हैं कि अभी तितलियां पकड़ते हैं।’’ जाहिर है कि यह शेर किसी एक वरिष्ठ पर नहीं है, साढ़े निन्यानवे फीसदी लोग हैं जो पुरस्कारों के मायाजाल से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
3- कर्ण सिंह चौहान : नंद भाई, जिसे आप “वस्तुगत”, “निष्पक्ष” और “निर्दोष” कह रहे हैं वह असल में एक विचारधारा या पक्ष के हिसाब से वस्तुगत, निष्पक्ष और निर्दोष है कोई सर्वमान्य, सार्वभौम सत्य नहीं । विचार के अपने आधारों पर कोई संघी अपने निर्णयों को वही सब करार देगा जो आपके मानक हैं । और विचार से बंधे लोग भी ऐसा ही करेंगे ।
    दरअसल जब कोई विचार दृष्टि प्रदान करने की बजाय धारा या वाद बन हम पर राज करने लगता है तो हम उससे जुड़े पूर्वाग्रहों को एकमात्र सत्य मानने लगते हैं और दूसरे को निंदनीय । फिर हम न कुछ देखते हैं, न सुनते हैं, न कहते हैं, बस विचार से बंधे समूह की समझ को दुहराते मात्र हैं । यह खेल हमने लंबे समय तक खेला है ।

4-नंद भारद्वाज : आदरणीय कर्णसिंह जी और गणेश जी, आप दोनों की बात से सिद्धान्त रूप से सहमत होते हुए भी मैं इस बात को नहीं समझ पा रहा हूं कि इस प्रक्रिया में नामित होने वाले लेखक की क्या भूमिका रह जाती है, सिवाय इसके कि वह ऐसी परिस्थिति बने तो अपनी ओर से इन्कार कर दे। (मैं उन लोगों की बात नहीं कर रहा जो सम्मान या पुरस्कार अपने पक्ष में करवाने के लिए जोड़-तोड़ करते हैं), इससे न सार्वजनिक मद से विभिन्न राजकीय या स्वयंसेवी संस्थानों द्वारा दिये जाने वाले पुरस्कारों की प्रक्रिया बंद होगी और न इस बुराई का ही अंत। सम्मान या पुरस्कार के माध्यम से लेखक और कलाकार को सार्वजनिक जीवन में जो पहचान, प्रचार या आम पाठकों तक पहुंच बनती है, उस पर जरूर असर पड़ेगा। क्योंकि यह किसी एक देश या समाज की बनाई प्रक्रिया नहीं है, दुनिया भर के बड़े लेखकों से भी हमारी वाकफियत तभी बनती है जब किसी बड़े पुरस्कार या सम्मान से वे व्यापक चर्चा में आते हैं, वर्तमान समय में ऐसे लोग अपवाद स्वरूप ही हमारी जानकारी में आ पाते हैं, जो किसी सम्मान या पुरस्कार के माध्यम से नहीं, बल्कि अपने काम के माध्यम से चर्चा का वह स्तर प्राप्त कर पाते हैं। हालांकि उनके चर्चित होने के इतर सकारात्मक या नकारात्मक कारण हो सकते है। मेरी अपनी धारणा यही है कि लेखक को सम्मान पुरस्कार से दूर रहने की सलाह देने की बजाय ऐसे प्रावधानों पर रोक लगाने का प्रयत्न अवश्य किया जाना चाहिये जो इस बुराई की जड़ में हैं। ज्यादा बेहतर है कि साहित्य अकादमी या जो भी संस्थान हैं, उन्हें यह सलाह दी जाए कि वे अपनी यह रुग्ण प्रक्रिया बंद करें और उस सार्वजनिक धन को किसी रचनात्मक कार्य में लगाने के बारे में विचार करें। केवल अपनी जगह बैठकर सदाशय अपेक्षाएं करने से शायद ही इस स्थिति में कोई परिवर्तन संभव हो पाए। यही नहीं, अगर मौजूदा प्रक्रिया में भी जो गलत या अनैतिक हो रहा है, उस पर पूरे तथ्यों के साथ खुलकर लिखें, उन संस्थानों में अपना विरोध दर्ज कराएं और जरूंरत हो तो न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से भी इस तरह की प्रक्रियाओं पर रोक लगाने का प्रयास करें। यह भी जरूरी है कि सम्मान पुरस्कार की यह प्रक्रिया सार्वजनिक जीवन के हर क्षेत्र में बंद होनी चाहिये, तभी समाज से इस ’बुराई’ का अंत संभव हो शायद।
5-गणेश पाण्डेय : नंद भारद्वाज जी, देखें - नोट : पुरस्कार के सच से मुँह न चुराएँ, विरोध करें 
6-नंद भारद्वाज : गणेश जी, आपकी ये सभी पोस्ट मैं पढ़ चुका हूं और इनमें मेरे सवालों के जवाब नहीं हैं। आप मेरी टिप्पणी को अपनी पोस्ट से मिलान करके देख सकते हैं। आप कहेंगे तो मै अपने सवालों को फिर से सूत्रबद्ध कर सकता हूं।
7-कर्ण सिंह चौहान : नंद भाई, प्रयोजन तो लेखक बिरादरी को सचेत करने का ही है । संस्थाओं और संस्थानों के बारे में अक्सर सवाल किए जाते ही रहते हैं पर वे ऊपर के आदेशों पर काम करते हैं । “दुनिया भर में ऐसा होता रहा है” यह उसकी सततता का कोई तर्क नहीं हो सकता । जो भी गलत चल रहा है, भले ही सदियों से, उसका विरोध कर उसे बदलना तो जरूरी है । यह पूरी तरह सही नहीं है कि पुरस्कारों के कारण ही लेखक या अन्य दुनिया में पहचान बनाते हैं । सच्चाई यह है कि बहुत से लेखक जब अपनी पहचान बना चुके होते हैं तो ये संस्थान और अकादमियां पुरस्कार दे उनका इश्तेमाल करती हैं अधिकांश जोड़-तोड़ के पुरस्कारों को विश्वसनीय बनाने के लिए । यह भी पूरी तरह सच नहीं है कि पुरस्कारों के पीछे लेखकों की कोई भूमिका नहीं होती । पर्दे के पीछे की दंद-फंद को तो सब जानते ही हैं, ये जो अपने पर चर्चा कराने के लगातार प्रायोजन चलते हैं- सभा-गोष्ठियों के माध्यम से, लेखों के माध्यम से, पत्रिकाओं के विशेषांकों के माध्यम से-वे भी इसी के अंग है । जहां तक अभियान चलाने वालों की सफलता का सवाल है, अब उसके बारे में तो कौन गारंटी दे सकता है । सब लोग आवाज ही उठा सकते हैं । हर चीज सफल हो जाती तो समाज और देश वह नहीं रहता जो है ।
8-गणेश पाण्डेय : नंद भाई साहब, हम लोग तो उन्हीं बेईमानों की बात कर रहे हैं, जिनके लिए आप खुद कह रहे हैं कि ‘‘ मैं उन लोगों की बात नहीं कर रहा जो सम्मान या पुरस्कार अपने पक्ष में करवाने के लिए जोड़-तोड़ करते हैं।’’ सारी बातचीत और चिंता तो इन्हीं साढ़े निन्यानवे फीसदी लोगों को ध्यान में रखकर की जा रही है। जब मैं यह कह रहा हूं कि “अ“ ने चयनकर्ता के रूप में “ब“ को एक कथित बड़ा पुरस्कार दिया और ब ने अपनी संस्था से अ को एक दूसरा कथित बड़ा पुरस्कार दिया। लोग हैं कि अ की महानता के गीत गा रहे हैं, इसमें कोई साहित्यिक भ्रष्टाचार नहीं दिखता है। क्या पता बिना कुछ पता किये, महानता का कोरस गा रहे हों। जाहिर है कि ये हिन्दी के लाल हैं, कुछ भी कर सकते हैं। हिन्दी के किसी भी लेखक को नोबेल भी मिल जाय तो उसे भी कम से कम एक बार संदेह की दृष्टि से देखना चाहिए। मेरा संकेत साफ है। आज शीर्ष पर दिखने वाला कौन पुरस्कृत है, जिसने प्रयत्नपूर्वक पुरस्कार प्राप्त नहीं किया है। बाकायदा लेन-देन होता है। नाम लेकर किसी को लज्जित करना प्रयोजन नहीं है, सिर्फ प्रंवृत्ति पर चोट करना है। रहा सवाल पुरस्कार से लेखक की स्वीकार्यता का तो यह तर्क बहुत कमजोर इस अर्थ में है कि हिन्दी के महान लेखक प्रायः अपुरस्कृत ही रहे हैं। बहुत पीछे मत जाइए। मुक्तिबोध का नाम काफी है। हो सकता है कि आप कहें कि केदार जी को हजारों पुरस्कार मिले हैं इसलिए वह मुक्तिबोध से अधिक शक्तिशाली लेखक हैं ? नाम सिर्फ उदाहरण के लिए दिया है, किसी का अनादर नहीं हैं। दूसरी बात यह कि आज हिन्दी में ‘‘हजारों’’ पुरस्कार हैं और ‘‘शुद्ध’’ पाठक ‘‘एक’’ भी नहीं। पुरस्करों में इतनी ही ताकत है तो हिन्दी के पाठक वर्ग का निर्माण और पठनीयता की संस्कृति का उन्नयन क्यों नहीं हो सका ? केवल लिखने वाले, आलोचना करने वाले, कक्षाओं में डिग्री के लिए पढ़ने वाले व्यापक पाठक वर्ग का विकल्प नहीं हैं। कहानी जैसी विधाएं तो इकका-दुक्का दूसरे तरह के लोग भी पढ़ लेते हैं, साहित्य की सत्ता के शीर्ष पर बैठे आलोचकों ने भी आलोचना की पठनीयता पर एक भी काम नहीं किया, उल्टे अपनी पत्रिका में ठस, अपठनीय गद्य लेख के रूप में छापा। आशय यह कि पुरस्कार पाठक समाज का विस्तार नहीं करते हैं, कृतियां करती हैं। पुरस्कार तो ठस उपन्यासों को दिये गये, जब कि कथा की पहली शर्त ही पठनीयता है। पुरस्कार लेखकों में सिर्फ एक नशे की तरह काम करता है कि मैं तो अब अमर हो गया। जैसे नशे के खिलाफ अभियान जरूरी होता है, उसी तरह आज इसके खिलाफ जरूरी है। लेखक पैदा होते ही दिलली भागता है, पाठक बढ़ाने के लिए या कविता और कहानी में महत्वपूर्ण करने के लिए ? जाहिर है कि वह मठाधीशों के चरणरज के लिए भागता है। मैंने यह सवाल भी उठाया था कि एक वर्ष में केवल एक ही किताब या कविता या लेखक महत्वपूर्ण होता है ? आखिर, यह नासमझी क्यों भाई ? लंबा हो जा रहा है, इसलिए अंत में आपकी ओर से एक बात कहूंगा। यह कि ‘‘मुकुट’’ और ‘‘राज्याभिषेक’’ वाले पुरस्कारों का बंद होना हमारे समय के हिन्दी साहित्य की विश्वसनीयता और पठनीयता और साहित्यिक शुचिता के लिए बेहद जरूरी है, हां, लेखकों के सम्मान के लिए उनके अपने जनपद में सबसे पहले सच्ची प्रतिष्ठा हो, विश्वविजय के लिए न निकलें, इस सम्मान के लिए किसी आत्मीय की ओर से ओढ़ाया गया ‘‘सिर्फ’’ ‘‘एक’’ ‘‘शाल’’, ‘‘श्रीफल’’, ‘‘एक’’ ‘‘माला’’ काफी है। ये अकादमी, ये ढ़कदमी, ये पीठ, ये पेट, इन्हें पेटेंट कराना जरूरी नहीं हैं। आपको जयपुर में आपके मुहल्ले में एक छोटे से मंच पर ‘सिर्फ’’ ‘‘एक’’ ‘‘शाल’’, ‘‘श्रीफल’’, ‘‘एक’’ ‘‘माला’’ काफी है।
9-नंद भारद्वाज : गणेश जी, इस मसले पर इतनी खुलासा बात होने के बावजूद मेरी चिन्ता तो उन जेनुइन लेखकों को लेकर ही है, जो इस तरह की अनैतिक प्रक्रियाओं से कतई संबंधित नही होते और संयोग से इस परिस्थिति में आ जाते हैं, उनके लिए आपकी क्या राय है? इसी क्रम में अगर इन बिन्दुओं पर सिलसिलेवार बता सकें, तो बात और स्पष्ट हो सकेगी - 1- इस प्रक्रिया में नामित होने वाले उस लेखक की क्या भूमिका रह जाती है, जिसने न पुरस्कार के लिए आवेदन किया, न किसी से समर्थन लिया और न उस निर्णय में उसकी कोई दिलचस्पी रही। उसके लिए तो यही रास्ता बचा न कि वह ऐसी परिस्थिति बने तो अपनी ओर से इन्कार कर दे। 2- यह किसी एक देश या समाज की बनाई प्रक्रिया नहीं है, दुनिया भर के बड़े लेखकों से हमारी वाकफियत तभी बनती है जब किसी बड़े पुरस्कार या सम्मान के माध्यम से वे व्यापक चर्चा में आते हैं। 3 - लेखक को सम्मान पुरस्कार से दूर रहने की सलाह देने की बजाय ऐसे प्रावधानों पर रोक लगाने का प्रयत्न क्यों न किये जाएं, जो इस बुराई की जड़ में हैं। 4 - केवल अपनी जगह बैठकर सदाशय अपेक्षाएं करने से शायद ही इस स्थिति में कोई परिवर्तन संभव हो पाए। अगर मौजूदा प्रक्रिया में जो गलत या अनैतिक हो रहा है, उस पर पूरे तथ्यों के साथ खुलकर क्यों न लिखा जाय और क्यों न उन संस्थानों में अपना विरोध दर्ज कराएं जो अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देती हैं। लोकतांत्रिक तरीके से संगठित विरोध करें और जरूंरत हो तो न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से भी इस तरह की प्रक्रियाओं पर रोक लगाने का प्रयास करें। 5 - यह भी जरूरी है कि सम्मान पुरस्कार की यह प्रक्रिया सार्वजनिक जीवन के हर क्षेत्र में बंद होनी चाहिये।
10-गणेश पाण्डेय : नंद भाई साहब, आपकी बात के संदर्भ में काफी कुछ कह चुका दूं। गौर करें। पुरस्कारों पर मैंने पहले भी काफी कुछ कहा है। अध्यात्मिक मुक्ति, सामाजिक मुक्ति, राजनीतिक मुक्ति के बाद साहित्यिक मुक्ति की बात की है। कुछ और कहूंगा, बाकी सब पहले कह चुका हूं। 1- मुक्ति चाहने पर मिलती है, कोई मुक्ति न चाहे तो सात जन्मों तक गुलाम बना रह सकता है। 2-दूसरी बात कुछ स्वाभिमानी लेखक नहीं होते तो इन पंक्तियों को लिखने वा या कर्ण सिंह चौहान इत्यादि लेखक मित्र कहां से आते ? 3-आखिर कहने वाले ने नोबेल पुरस्कार तक को आलू का बोरा क्यों कहा ? क्या वाकई उनका दिमाग फिर गया था या सच कहा ? या हम लोगों का सोचने का मामला कुछ गड़बड़ा गया है कि अच्छे विकल्प की बात कर रहे ? 4-क्या आप दावे के साथ कह सकते हैं कि कई शीर्ष पुरस्कार आज की तारीख में लेन-देन पर आधारित नहीं हैं ? 5-यदि पुरस्कारों में शक्ति है तो पाने के बाद लेखक में या खुद दूसरे लेखकों में अच्छा लिखने की चुनौती क्यों नहीं पैदा करते हैं ? 6-क्या आप दावे के साथ कह सकते हैं कि बड़ी अकादमियों में अच्छा काम न करने वाले लेखकों या अलेखकों का प्रवेश नहीं होता है ? 7- क्या आप यह कह सकते हैं कि स्वाभिमानी और निडर लेखकों का प्रतिशत हिंदी में आज ज्यादा है ? 8- क्या आप मानते हैं कि वाकई पुरस्कारों ने लेखकों की कीर्ति को उचित ही फैलाया है ? 9- क्या आप मानते हैं कि पुरस्कारों के खत्म हो जाने से हिंदी साहित्य खत्म हो जाएगा ? 10-क्या आप मानते हैं कि भक्तिकाल के महान कवियों ने छिपाकर पुरस्कार लिया था, तब महत्वपूर्ण रचा था ?11-क्या आज के पुरस्कृत कबीर, निराला और मुक्तिबोध के सतर का काम कर चुके हैं या कर देंगे ? कौन करेंगे ? नाम लेना उचित है ? 12-केदार जी को इतने अधिक पुरस्कार मिले हैं इसलिए क्या जनमानस को उन्हें तुलसी, सूर, कबीर इत्यादि से बड़ा कवि मान लेना चाहिए ? नाम नहीं लेना चाहता था, मजबूरी में लिया है। 13-अंग्रेजों के जमाने की रायबहादुरी और आज के पुरस्कृत लेखकों की साहित्यिक बहादुरी में क्या फर्क देखते हैं ? अंत में मेरा मानना यह है कि बच्चा बड़ों को नशा करते देखता है तो देखते-देखते नशा करना सीख जाता है ? एक उदाहरण देने का मन है, जब मेरी विश्वविद्याय मे नौकरी लगी तो मैंने तम्बाकू-पान छोड़ने का निर्णय लिया और तुरत छोड़ दिया। लगभग28-29 वर्ष हुए, अब तक सलामत हूं और कलम की धार आप देखते ही हैं। आशय यह कि पुरस्कार के नशे को तज देने के बाद लेखक और अच्छा करेगा। आदर सहित...
11-नंद भारद्वाज : आभार गणेश जी, आपकी तमाम चिन्ताओं और खुलासों के बावजूद मेरी बात अब भी वहीं है कि उन सामान्य सच्चे लेखकों के बीच पुरस्कारों या सम्मानों के कारण पैदा होने वाले विकार और संस्थानों में जड़ कर गई उस बुराई को कैसे खत्म किया जाय। महान् लेखक तो हमेशा से ही इन संस्थाओं और प्रक्रियाओं से उूपर रहे हैं, उनका समय भी अलग था, हमारी समस्या तो आज का समय है। चलिये, सभी लेखकों-कलाकारों और सजग लोगों को इस पर और विचार करने दें, शायद कोई सर्वमान्य हल निकल आए।
12-गणेश पाण्डेय : नंद भाई साहब, आप यह बहुत अच्छी बात कह रहे हैं कि इन समस्याओं पर अब खुलकर बात हो, शायद साहित्य की तमाम समस्याओं को दूर करने के लिए कोई आमराय बने।
      ( इस पोस्ट को कई मित्रों ने पसंद किया और पुरस्कार को हमारे समय के साहित्य की एक बड़ी समस्या के रूप में देखा।)

मंगलवार, 16 दिसंबर 2014

कविता की लाज रखने के लिए धन्यवाद मित्रो

-गणेश पाण्डेय

एकबार मेरे एक शिक्षक ने जो सिर्फ कहने के लिए शिक्षक थे और शिक्षक होने का पैसा पाते थे, लेकिन असल में एक लेखक थे और ईश्वर और महत्वाकांक्षा इत्यादि की कृपा से अभी हैं और लेखक तो खैर जो हैं सो हैं ही, पर उससे पाया काफी कुछ और दिया कुछ भी नहीं, लेकिन इससे क्या होता है, बहुत से लोग देते हैं कम और लेते हैं बहुत ज्यादा। मुक्तिबोध ने कहा ही है, लेकिन छोड़िए मुक्तिबोध को, हर जगह उनका नाम नहीं लेना चाहिए। कम से कम बहुत खराब लोगों के साथ तो कतई नहीं। मेरे कहने का मतलब यह नहीं कि मैं जिस शिक्षक का जिक्र कर रहा हूँ, वह कोई खराब हैं। आप को समझना है तो समझिए, मैं सिर्फ अपनी बात कहूँगा, वह भी उनकी बात से। एक बार उन्होंने कहा था कि निराला की सब कविताएँ अच्छी नहीं हैं, मुझे उनकी यह बात ठीक लगी, फिर उन्होंने जोड़ा कि उनके पास कुल 13 कविताएँ अच्छी हैं, मुझे कुछ-कुछ विस्मय हुआ कि भला कैसे 13 ? 12 या 11 क्यों नहीं ? यह भी उन्होंने नहीं कहा कि कुछ ही कविताएँ अव्छी हैं। एकदम से कहा 13, जैसे तय कर दिया तो मैंने कुछ नहीं कहा, बस उनका मुँह देखता रहा। उन्होंने देखा कि मैं उनका मुँह देख रहा हूँ तो फिर कहा-‘‘मेरे पास अभी 10 अच्छी कविताएँ हैं।’’ मैंने मन ही मन गोविंद को याद किया और कहा, क्षमा करना गोविंद, मुझे पहली बार गुरु के साथ शरारत सूझी। मैंने वहीं सबके सामने कहा-‘‘ आप 3 अच्छी कविताएँ और लिखकर धड़ाक से निराला क्यों नहीं हो जाते ? वे मेरा मुँह देखने लगे। मैंने देखा कि वे मेरा मुँह देख रहे हैं, फिर भी मैंने कुछ और नहीं कहा। कई सहकर्मी बैठे हुए थे, इसलिए बात हँसी में इधर-उधर हो गयी, लेकिन सच कहूँ तो वह बात आज तक मेरी स्मृति में जस की तस बसी हुई है। इसलिए कि गुरु का यहाँ तक कहना सही था कि निराला की सभी कविताएँ बहुत अच्छी नहीं हैं। सच तो यह कि मैंने खुद अनुभव किया कि सिर्फ उनकी ही नहीं, कई बड़े कवियों की कुछ बहुत अच्छी और अविस्मरणीय कविताओं की भी सभी पंक्तियाँ एक जैसी मूल्यवान नहीं हैं। कुछ कमजोर भी हैं। जैसे किसी सुंदरी के लंबे घने काले बालों में एकाध सफेद दिख जाएँ तो भी कुछ फर्क नहीं पड़ता, वैसी ही कुछ पूरी या आधी कमजोर पंक्तियाँ किसी अच्छी और एकाधिक मार्मिक अंशों वाली कविता के प्रभाव को कम नहीं कर पाती। उसका मूल्य कम नहीं होता। यह मेरा सोचना है। मेरे वे शिक्षक क्या सोचते हैं, वे जानें या उनके अनुयायी जानें।
      किस्सा कोताह यह कि सभी कवियों की सभी कविताएँ एक जैसी अच्छी या खराब नहीं होती हैं। आप सौ पांच सौ हजार कविताओं से गुजरेंगे तो कुछ तो बहुत अच्छी हो सकती हैं, कुछ कम अच्छी, कुछ औसत भी होंगी ही। मैं जिस जरूरी बात को आपसे कहने के लिए इतनी लंबी भूमिका बना रहा हूँ, दरअसल वह सिर्फ एक पंक्ति में अँट जाएगी। एक बहुत छोटी-सी पंक्ति में। एक औसत से भी कम कविता में कोई बड़ी बात मिल सकती है। हमेशा आग ही आग लिखने वाले कवियों की कुछ कविताओं में आप काफी राख भी पा सकते हैं कहीं-कहीं, उसी तरह हमेशा कविता में राख लिखने वाले कवियों में कहीं-कहीं राख में दबी हुई बहुत मूल्यवान चिंगारी पा सकते हैं आप। यह देखने वाले पर निर्भर करता है कि उसकी कविता को देखने की तैयारी और खासतौर से ईमानदारी कैसी है ?
       जाहिर है कि मैं उदाहरण ढ़ूँढ़ने के लिए दूसरे देश में नहीं जाऊँगा। जाता भी यदि मेरा काम इस उदाहरण से नहीं चलता। कोई बीस साल पहले मैं भी चालीस का था और भरा हुआ था, कहने के लिए ही सही, सही और अपना रास्ता ढ़ूँढ़ रहा था। यह कविता उन्हीं दिनों की है और एकबार फिर कह दूँ कि ‘बहुत साधारण’ कविता है, इसकी सिलाई का धागा कमजोर हो सकता है, कपड़ा काटने का हुनर बहुत मामूली हो सकता है, इसके बटन-सटन और इस्त्री करने में भी गड़बड़ हो सकती है, इसका कपड़ा हुजूर भले रेशम का न हो, लेकिन इसे बुनने में तमाम छोटे कवियों की तरह मैंने अपना पसीना ही नहीं, दो-चार बूंद खून भी बहाया है। मेरे जैसे तमाम कवियों के पास क्या है और क्या नहीं, कविता से भी अच्छी आँख उसे देखने के लिए चाहिए हुजूर। आपके पास तो होगी ही, क्यों ? या आप उसे ही देखेंगे और उतना ही देखेंगे, जिसे राजधानी के य खास आपके उस्ताद या गॉडफादर कहेंगे ? कभी-कभी न चाहते हुए भी मुझे अपनी ही कविता को उदाहरण के रूप में रखना पड़ता है। कितना कठिन होता है कि एक कवि खराब कविता के उदाहरण के रूप में अपनी ही किसी कविता को सामने रखे-

एक अफवाह है दिल्ली

कोई तो होगा मेरे जैसा
जो कह सके शपथपूर्वक
चालीस पार किया
गया नहीं दिल्ली
नई कि पुरानी

देखा नहीं कनाट प्लेस
बहादुरशाह जफर मार्ग
चाँदनी चौक, मेहरौली
अलकनंदा, दरियागंज

मुझे अक्सर लगा
एक डर है दिल्ली
किसी शहर का नाम नहीं
जो फूत्कार करता है
लेखकों की जीभ पर
हृदय के किसी अंधकार में

जब-जब बताते रहे एजेंट सगर्व
दिल्ली दरबार के किस्से
लेखकों की जुटान के ब्योरे
कैसे बँटती हैं रेवड़ियाँ
और पुरस्कार

हाय! सुनता रहा किस्सों में
कैसे मचलते हैं नये कवि
किसी उस्ताद की कानी उँगली से
एक डिठौने के लिए

और नाचते हैं कैसे आज के किस्सागो
किसी दरियाई भालू के आगे
उसकी एक फूँक के लिए
निछावर करने को आतुर
अपना सब कुछ

बेशक होता रहा हाँका
कुल देश में कि खैर नहीं
मार दिये जाएंगे वे
जो जाएंगे नहीं
दिल्ली

मैं हँसता रहा
कि दिल्ली से
दिल्ली के लिए उड़ायी गयी
एक अफवाह है दिल्ली

देखो तो
बचा हुआ है गणेश पाण्डेय
गोरखपुर में साबुत।
     पहले तो यह साफ कर दूं कि दिल्ली सिर्फ किसी शहर का नाम नहीं है, इधर लंबे समय से साहित्य की दुनिया में साहित्य की सत्ता के केंद्र का प्रतीक है। बीस साल पहले का वह गोरखपुर भी आज चाहे किसी वजह से साहित्य के छोटे केंद्र का शिविर जैसा कुछ लोगों के लिए बन गया हो, लेकिन मेरे लिए उस वक्त साहित्य के जन की बस्ती का प्र्रतीक था ही, आज भी है। मेरी दृष्टि में दिल्ली को छोड़कर बाकी जगहें भी कमोबेश गोरखपुर जैसी ही हैं। मैंने ऊपर कहा है कि यह कविता सिर्फ एक उदाहरण है। अच्छी कविता का उदाहरण नहीं, बल्कि खराब कविता का अच्छा उदाहरण होने के साथ, मौजूदा प्रसंग को मजबूत करने के लिए एक छोटा-सा नमूना भी है, बस। इस खराब कविता के जरिये सिर्फ इस सवाल से टकराना है कि आज के चालीसपार भी क्या उतने ही बेवकूफ हैं, जितना इस कविता में वर्णित है या उन्होंने चालीस की उम्र में चालीस से ज्यादा बार दिल्ली की परिक्रमा की है ? यह उन कवियों का अपमान कतई नहीं है, हाँ उनकी चतुराई जरूर हो सकती है। कबीर कह सकते थे कि हमन को होशियारी क्या, आज के बहुत से कवि होशियारी के मामले में कबीर से बहुत आगे। इतना आगे कि एक मिनट में सौ कबीर को बेचकर खा जाएँ। एकबार फिर साफ कर दूँ कि चालीस पार और चालीस के करीब और उससे छोटे सभी कवि हरगिज ऐसे नहीं हैं। कुछ ही होते हैं, जो माहौल को खराब करते हैं। बहुत थोड़े से होते हैं। बाकी तो सीधे-सादे लोग होते हैं। मैं सबूत के बिना कोई बात करने से बचता हूँ। सबूत हैं कोई कोई आठ सौ कविताएँ, जो इस अपने समय के पिछड़े कवि के कहने पर उसके पास आयी हैं। जिन कवियों की कविताएँ इन आठ सौ से कुछ अधिक कविताओं में शामिल नहीं हैं, उनकी कविताओं को फालतू या खराब कहने की नासमझी नहीं करूंगा। यह उनकी कविता का अपमान होगा। हाँ उन्हें बहुत होशियार कवि जरूर कहूँगा। होशियार आदमी कभी जोखिम नहीं उठाता है। साहित्य में तो कतई नहीं। नाम और इनाम की गारंटी वह पहले चाहता है, न्याय और अन्याय जाय भाड़ में। आज का होशियार कवि नाम-इनाम समेत कई चीजों में फँसा हुआ है। फलाना जी के पास यह पुरस्कार है, इसलिए उन्हें साध कर रखना है तो उनकी जिससे नहीं पटती उससे दूर रहो। फलाना जी नाराज न हो जाएँ इसलिए फलाना जी से दूर रहो। अरे भाई कैसे कवि हो कि दो कौड़ी के इनाम के लिए डेढ़ कौड़ी के फलाना जी के साथ रहते हो। भाड़ में जाएँ तुम्हारे फलाना जी, तुम कविता के साथ क्यों नहीं रहते ? कविता की बेहतरी से बड़ा कोई एजेंडा किसी कवि के जीवन में कोई मायने रखता है ? यदि ऐसा है तो वह सच्चा कवि नहीं, बना हुआ कवि है। कविता का सौदागर है। पीतल को सोना बनाकर बेचने वाला ठग। जैसे वह ठग पकड़ लिया जाता है, कविता के ठग भी धर लिए जाते हैं। जैसे पुलिस में कुछ लोग भ्रष्ट होते हैं, शिक्षा में भ्रष्ट होते हैं, आलोचक और संपादक भी भ्रष्ट हो सकते हैं और पकड़े जा सकते हैं। कहना बहुत जरूरी है कि इधर कविता और आलोचना मे दिल्लीराग बहुत बढ़-चढ़कर बोल रहा है। बड़ी पत्रिकाएँ हो या छोटी, सब मूल्य और विवेक की जगह होशियारी से निकल रही हैं। साहित्यिक पत्रिकाएँ मंच के मँहगे लेकिन कविता की दृष्टि से बहुत सस्ते गलेबाज कवियों के साक्षात्कार छापने लगें तो समझो कि पत्रकारिता की देह से जरूरी हड्डी पूरी की पूरी गल गयी, सब बहुत थुलथुल और लिजलिजा है। यह किसी पत्रिका को लज्जित करने के लिए नहीं कर रहा हूँ, आगे के लिए आगाह कर रहा हूँ कि आज तो संपादक ऐसी चूक कर रहे हैं, कल को आलोचक इससे चार कदम आगे बढ़ जाएंगे। अभी आलोचना में जो थोड़ा-बहुत बचा हुआ है वह भी खत्म हो जाएगा। मित्रो, इतना और इस तरह कहना नहीं था, बस अस्सीपार से लेकर बिल्कुल नये, पचहत्तर से एक-दो अधिक कवियों को धन्यवाद कहना है कि उन्होंने अपनी बहुत अच्छी कविताएँ मेरे पास भेजीं, आभारी हूँ इस विश्वास के लिए। किसी कविता का कम अच्छी या टूटा-फूटा होना कवि का अपराध नहीं है, लेकिन किसी कवि का ‘बहुत’ कलाबाज होना बुराई जरूर है। कला के बिना कविता की कल्पना नहीं की जा सकती है, लेकिन सिर्फ कला को कविता नहीं कह सकते।
          ऐसे उपक्रम के बीच कविता के दृश्य पर ऐसे चतुर या अलग से कुछ बड़ा पाने की उम्मीद में लगे हुए कवि गिनती के ही सही इक्का-दुक्का दिख सकते हैं, जो कविता की साधारण पंचायत या मुक्त जुटान में बैठने पर अपनी हेठी समझ सकते हैं या अन्य कारणों से संकोचवश तमाम साधारण कवियों के साथ कविता की चटाई पर बैठना जिन्हें पसंद नहीं हो सकता है, ऐसे अभिजन कवि के लिए शायद मेरी छोटी-सी कुटिया में उपयुक्त जगह भी नहीं है। ऐसे कवि मित्रों को अधिकार है कि वे पुरस्कार और प्रतिष्ठा इत्यादि के लिए अकादमी इत्यादि से पुरस्कृत और बहुप्रतिष्ठित कवि या बड़े आलोचक या संपादक के संग रहें। उन्हें हक है कि वे अपनी कविताएँ साहित्य के बड़े कुलीन जनों के पास ले जाएँ। राजधानी में तो बहुत हैं। बड़ी-बड़ी पत्रिकाएँ भी वहाँ हैं। जो उन्हीं की तरह लेकिन कविता के तनिक बड़े कुलीन जन हों, कविता के अभिजन। जहाँ कविता की छोटी-सी पंचायत लगी हो, मेल-मिलाप और जन की चटाई बिछी हो, वहाँ शामिल न होकर अपनी अच्छी कविता को कैद करके रखना मेरी दृष्टि में साहित्यिक जुर्म है, चाहे वह अच्छी कविता किसी साधु की हो या किसी युवा कवि की या किसी चोर की। जो लोग अच्छी कविता साहित्य के राजा-महाराजा या सामंत को दिखाने के लिए लिखते हैं, वे कविता का आभूषण बनाने वाले सोनार तो हो सकते हैं, लेकिन कविता के सच्चे पाठकों के लिए जन की कविता की खुरपी, हँसिया, कुदाल बनाने वाले लोहार नहीं हो सकते हैं।
      अंत में  इतना और कि दस-दस कविताएँ माँगते-माँगते आठ सौ से अधिक कविताएँ हो गयीं। एक छोटी-सी पत्रिका के दरवाजे पर आठ सौ कविताओं की बारात देखकर चकित हूँ। कोशिश करूँगा कि इन  कविताओं से उनका हाल-चाल पूछूँ। अच्छी कविता के सामने शीश झुकाऊँ तो कम अच्छी से भी हाथ मिलाऊँ। एक निश्चित समय के भीतर यह सब करना तनिक मुश्किल होगा, फिर भी उम्मीद है कि जितना सोचा है, हो जाएगा। इस बात के लिए बहुत खुश हूँ कि मैं सीधे-सादे कवियों की अच्छी कविताओं के संग बुरा बर्ताव करने वाले किसी अहंकारी कवि के साथ नहीं हूँ। विस्मय यह कि इतने भले और सीधे-सादे सहज और ताकतवर कवि बड़ी संख्या में अभी बचे हुए हैं, मैं जिनके साथ हूँ। कई हैं जिनमें काफी शक्ति है, अपनी पीढ़ी के चतुर कवियों के गुरूर को आईना दिखाने की भी शक्ति है, जिनके पास शक्ति तनिक कम भी है उनके पास कविता का ईमान बहुत है, जीवन का नमक तो भरपूर है। जो बिल्कुल नये कवि हैं जाहिर है कि उनमें कविता से प्रेम बहुत है। यात्रा के लिए अपनी कविताएँ भेजने वाले सभी कवियों से एकबार फिर कहना चाहता हूँ, धन्यवाद कवियो कविता की लाज रखने के लिए।